मोहना यमुना पुल बना सेल्फी प्वाइंट
यमुना में मंगलवार को पुल से छलांग लगाने वाले राहुल की घटना से युवाओं ने कोई सबक नहीं लिया है। अभी भी युवा समूह में एकत्रित होकर पुल के ऊपर जाते हैं
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : यमुना में मंगलवार को पुल से छलांग लगाने वाले राहुल की घटना से युवाओं ने कोई सबक नहीं लिया है। अभी भी युवा समूह में एकत्रित होकर पुल के ऊपर जाते हैं और यहां से यमुना में आई बाढ़ के साथ सेल्फी ले रहे हैं। जबकि पुल पर आने-जाने वाले वाहनों की संख्या ज्यादा होने की वजह से व्यवधान पैदा होता है। सड़क दुर्घटना भी हो सकती है। मौके पर तैनात थाना छांयसा पुलिस ने युवाओं को काफी समझाने का प्रयास किया। ये युवा फिर भी इधर-उधर से निकल कर पुल के ऊपर पहुंच जाते हैं। युवाओं का कहना है कि यमुना वैसे तो एक गंदे नाले की तरह से बहती है। अब यमुना का वास्तविक रूप दिखाई देता है। यमुना के इस स्वरूप के साथ सेल्फी लेने का मजा ही दूसरा है। थाना छांयसा प्रभारी कुलदीप ¨सह का कहना है कि हमने युवाओं को रोकने के लिए हर घाट पर दो-दो पुलिसकर्मी तैनात किए हुए हैं। काफी पुलिस यमुना पर लगी हुई है। इतनी पुलिस लगी होने के बाद भी यदि युवा सेल्फी लेने के लिए पुल के ऊपर जाते हैं, तो इसमें पुलिस क्या कर सकती है। पुलिस का फर्ज लोगों को समझाना है, जो पूरा कर रहे हैं।