विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केंद्र से मिली तारीफ, लेकिन खुद की 500 मीटर सड़क 2 महीने में भी नहीं बना सका फरीदाबाद निगम; क्या है मामला

Published: Tue, 13 Oct 2026 08:07 PM (IST)

फरीदाबाद में नगर निगम मुख्यालय के पास 500 मीटर सड़क का निर्माण दो माह से अधूरा है, जिस पर एक करोड़ रुपये खर्च होने हैं।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. 500 मीटर सड़क का निर्माण दो माह से अधूरा।

  2. एक करोड़ रुपये का बजट, सिर्फ मिट्टी डाली गई।

  3. दशहरे से पहले काम पूरा करने की चेतावनी।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद की सड़कों की मरम्म्त को लेकर केंद्र सरकार से तारीफ बटोर चुका नगर निगम अपनी सड़क को तैयार नहीं करवा पा रहा है। पिछले दो माह से 500 मीटर की सड़क नहीं बन पाई है। जबकि सड़क पर एक करोड़ रुपये खर्च होने है।

दशहरा के चलते ठेकेदार को सड़क को दो माह पहले ही अलाट कर दिया गया था। ताकि समय पर काम पूरा हो सके। ठेकेदार ने अभी तक केवल मिट्टी डालने का ही काम पूरा किया है।

दरअसल नगर निगम मुख्यालय के साथ लगती सड़क पिछले काफी समय से टूटी हुई थी। मेट्रो चौक से बादशाह खान अस्पताल की तरफ जाने वाले इसी सड़क से होकर गुजरते हैं। सड़क की हालत इतनी अधिक खराब थी कि दोपहिया वाहन चालक कई बार सड़क पर सतुंलन खोकर गिर भी चुके थे।

समाधान शिविर में भी खराब सड़क का मामला उठाया गया था। जिसके बाद तत्कालीन आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने सड़क का एस्टीमेट तैयार करवाने के आदेश दिए थे। पहले सड़क को तारकोल का बनाने के आदेश दिए थे। इसके बाद इंजीनियरिंग ब्रांच की ओर से निर्णय लिया गया कि आरएमसी सड़क बनाई जाएगी। ताकि वर्षा के दौरान सड़क खराब नहीं हो।

दो माह पहले जारी कर दिया गया था टेंडर

ठेकेदार को सड़क बनाने के लिए दो माह टेंडर जारी कर दिया गया था। फिर भी सड़क बनाने का काम धीमी गति से किया गया। नगर निगम को दशहरे पर भव्य मेले का आयोजन किया जाना है। जिसमें लाखों लोग शामिल होंगे।

नगर निगम की ओर से टेंडर तो जारी कर दिया जाता है। लेकिन निर्माण कार्य पूरा कराने की सुध नहीं ली जाती है। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है। मेट्रो चौक से दशहरा ग्राउंड जाने वाली सड़क पिछले काफी समय से टूटी हुई है।
-मुकेश शर्मा, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर

सड़क को बनाने का काम शुरू हो गया है। ठेकेदार को चेतावनी दे दी गई है कि दशहरे से पहले काम पूरा कर लिया जाए।
-नितिन कादियान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम