विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में बारिश के बीच करंट ने ली दो युवकों की जान, डिलीवरी ब्वॉय भी शामिल

Published: Sat, 08 Aug 2026 04:28 PM (IST)

फरीदाबाद में शुक्रवार को हुई तेज वर्षा के दौरान करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई। इनमें ब्लिंकिट ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. फरीदाबाद में तेज वर्षा के दौरान दो युवकों की मौत।

  2. ब्लिंकिट डिलीवरी ब्वॉय रामखिलावन की खंभे से करंट लगने से मौत।

  3. वेल्डिंग वर्कशॉप में काम करते अयान की करंट लगने से मृत्यु।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद में शुक्रवार को हुई तेज वर्षा के दौरान शहर में अलग-अलग जगह करंट की चपेट में आने से डिलीवरी ब्वॉय समेत दो युवकों की मौत हो गई।

पल्ला क्षेत्र में मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ने के बाद बिजली के खंभे का सहारा लेना 25 वर्षीय रामखिलावन को भारी पड़ गया। वहीं, ओल्ड फरीदाबाद की वेल्डिंग वर्कशॉप में काम करने के दौरान 22 वर्षीय अयान करंट की चपेट में आ गया। दोनों हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।

खंभे का सहारा लेना पड़ा भारी

सेहतपुर निवासी रामखिलावन पल्ला में सेहतपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित ब्लिंकिट के वेयरहाउस में डिलीवरी ब्वाय का काम करता था। शुक्रवार रात वर्षा के दौरान वह मोटरसाइकिल से सामान की डिलीवरी करने गया था। वापस लौटते समय सड़क पर बने गड्ढे में मोटरसाइकिल गिरने से उसका संतुलन बिगड़ गया। खुद को संभालने के लिए रामखिलावन ने पास ही लगे बिजली के खंभे पर हाथ रख दिया। खंभे में करंट आ रहा था। करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वर्षा में बुलाया, वर्कशॉप में करंट लगा

दूसरा हादसा ओल्ड फरीदाबाद में हुआ। कुरैशीपुर गांव निवासी अयान वेल्डिंग वर्कशाप में काम करता था। स्वजन के अनुसार शुक्रवार को तेज वर्षा के कारण वह काम पर नहीं गया था। शाम को वर्कशाप मालिक ने फोन कर उसे काम पर बुलाया। अयान ने वर्षा अधिक होने और काम के दौरान करंट लगने की आशंका भी जताई, लेकिन उसे काम पर बुलाया गया। वर्कशॉप में काम करने के दौरान अयान करंट की चपेट में आ गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। अयान की सगाई हो चुकी थी और करीब छह महीने बाद उसकी शादी होनी थी। शादी की तैयारियों के बीच उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।