फ्लैक्स बोर्ड गिरने से राहगीर घायल
नगर निगम की लापरवाही के चलते अंबेडकर चौक पर लगे फ्लैक्स बोर्ड गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया है।
जासं, बल्लभगढ़: नगर निगम की लापरवाही के चलते अंबेडकर चौक पर लगे फ्लैक्स बोर्ड गिरने से एक राहगीर बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। लोगों ने उसे पानी-पिला कर होश दिलाया। तब वह अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ।
शनिवार आठ अगस्त को मुख्यमंत्री मनोहर लाल अंबेडकर चौक पर नवनिर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का उद्घाटन करने के लिए आए थे। इस उद्घाटन समारोह को लेकर यहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए फ्लैक्स बोर्ड लगाए हुए हैं। ये बोर्ड स्ट्रीट लाइट और बिजली के खंभों पर लगे हुए हैं। यहां से पैदल होडल बेढा पट्टी का रहने वाला प्रभुदयाल जा रहा था। तभी एक फ्लैक्स बोर्ड उसके सिर पर गिर गया। सिर में चोट लगने से वह बेहोश होकर वहीं सड़क पर गिर गया। सड़क पर उसे गिरता हुआ देख कर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। कोई उसकी हवा कर रहा था, तो कोई उसे पानी पिला रहा था। जैसे-तैसे उसे होश आ गया और वह उठ कर अपने घर के लिए चला गया। लोग कह रहे थे कि एक-एक सप्ताह बाद भी नगर निगम इन बोर्ड-होर्डिंग को हटाने की कोशिश नहीं की। ये नगर निगम की लापरवाही का परिणाम है। इस तरह से ये किसी के जीवन के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। मुझे भी इस के बारे में खबर मिली है। मैंने एसडीओ से सभी बोर्ड-होर्डिंग हटाने के लिए कह दिया है। किसी भी चौक-चौराहे पर बोर्ड लगे दिखाई नहीं देंगे।
-नवदीप सिंह नैन, संयुक्त आयुक्त नगर निगम जोन बल्लभगढ़