फरीदाबाद: कुत्ते के विवाद में घर के बाहर खड़ी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, CCTV कैमरे में कैद हुआ पड़ोसी
फरीदाबाद की गांधी कॉलोनी में कुत्ते को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने पड़ोसी की स्कूटी में आग लगा दी।
-1779076168327_m.webp)
कुत्ते के विवाद में घर के बाहर खड़ी स्कूटी में आग लगा दी। वीडियो ग्रैब
HighLights
कुत्ते के विवाद में पड़ोसी की स्कूटी जलाई।
फरीदाबाद की गांधी कॉलोनी में हुई घटना।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान, तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद में एनआईटी स्थित गांधी कॉलोनी में कुत्ते को लेकर हुए विवाद के बाद रंजिश में एक युवक द्वारा पड़ोसी की स्कूटी में आग लगा दी। घटना में स्कूटी पूरी तरह जल गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गांधी कॉलोनी निवासी धीरज वाहन चालक का काम करते हैं।
आपस में हुई थी कहासुनी
आठ मई को पड़ोस में रहने वाले मोहित के पालतू कुत्ते ने घर के बाहर खड़ी उनकी बाइक के सीट कवर को फाड़ दिया था। इसी बात को लेकर धीरज की मोहित की मां के साथ कहासुनी हो गई थी।
पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग
आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश में रात करीब दो बजे मोहित बोतल में पेट्रोल लेकर उनके घर के बाहर पहुंचा। धीरज के अनुसार, आरोपी ने उनकी सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
वहीं, देर रात अचानक आग की लपटें उठती देख परिजन बाहर निकले। आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी।
यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में एक मकान की दूसरी मंजिल पर लगी आग, दमकल की टीम ने परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला
घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायत मिलने के बाद एनआईटी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
