फरीदाबाद में मेवला अंडरपास से सिद्धदाता आश्रम तक बनेगी नई सड़क, जलभराव से मिलेगी मुक्ति
फरीदाबाद में मेवला अंडरपास से सिद्धदाता आश्रम तक सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है, जिससे सूरजकुंड की दिल्ली-आगरा राजमार्ग से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और जलभराव से राहत मिलेगी।

फरीदाबाद में मेवला अंडरपास से सिद्धदाता आश्रम तक सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इमेज एआई
HighLights
मेवला अंडरपास से सिद्धदाता आश्रम तक सड़क निर्माण शुरू।
दिल्ली-आगरा राजमार्ग से सूरजकुंड की सीधी कनेक्टिविटी।
सेक्टर-45 की सीवर समस्या का भी होगा समाधान।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। मेवला अंडरपास से लेकर सूरजकुंड रोड स्थित सिद्धदाता आश्रम तक सेक्टर-45-46 डिवाइडिंग सड़क बनाने के काम की शुरुआत हो गई है। इससे दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग की सूरजकुंड से सीधी और सुगम कनेक्टिविटी होगी, जिसका लाभ दो लाख से अधिक लोगों को होगा।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और बड़खल के विधायक धनेश अदलखा ने सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। इसकी लागत लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये आएगी। सड़क के साथ दोनों ओर ड्रेनेज और सुरक्षा व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि सेक्टर-45 की वर्षों पुरानी सीवर समस्या के समाधान के लिए लगभग 2.25 करोड़ रुपये की लागत से नई सीवर लाइन डालने का कार्य अगले दस दिन में शुरू होगा। सेक्टर-46 में लगभग सवा दो करोड़ रुपये की लागत से बरात घर निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।
मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि मेवला अंडरपास क्षेत्र में ब्लाइंड स्पाट और जलभराव की समस्या दूर करने के लिए सड़क को नीचा किया जाएगा तथा ड्रेन और जालियां लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के पार्कों में चहारदीवारी, जिम, फुटपाथ और स्ट्रीट लाइट सहित अधिकांश विकास कार्य पूरे हो चुके हैं।
बड़खल विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि सिद्धदाता आश्रम रोड से अंडरपास तक डिवाइडिंग रोड निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है तथा इसकी एस्टीमेट, टेंडर और वर्क आर्डर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अनखीर चौक से सेक्टर-46 तक सड़क निर्माण कार्य तेजी से जारी है।
सेक्टर-21ए, बी, सी, डी, 45 और 46 के 54 पार्कों में चहारदीवारी, फुटपाथ और सुंदरीकरण का कार्य पूरा कर आधुनिक लाइटें लगाने का काम शुरू किया गया है। 15 जून तक सेक्टर-21, 45, 46, मेवला और अनखीर क्षेत्र में 60 वाट की एलइडी स्ट्रीट लाइटें लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
सेक्टर-45 की सीवर लाइन समस्या के स्थायी समाधान के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द कार्य शुरू होगा। साथ ही ग्रीनफील्ड और सेक्टर-45 को जोड़ने वाले प्रस्तावित एलिवेटेड पुल के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अपनी निजी संपत्ति से आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
