विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करंट से तड़पते कुत्ते को बचाने दौड़ा मालिक, फरीदाबाद में 11 हजार वोल्ट की तार बनी काल

Published: Fri, 18 Sep 2026 07:34 PM (IST)

फरीदाबाद की राजीव कॉलोनी में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत ...और पढ़ें

लटकती तार बनी काल। जागरण

लटकती तार बनी काल। जागरण

HighLights

  1. फरीदाबाद में 11 हजार वोल्ट के तार से बड़ा हादसा।

  2. करंट से तड़पते कुत्ते को बचाने में मालिक की जान गई।

  3. बिजली विभाग की लापरवाही पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। राजीव कॉलोनी में बिजली निगम की लापरवाही ने एक परिवार से उसका सदस्य छीन लिया। सुबह कुत्ते को घुमाने निकले अमन की नजर जमीन से महज आधा फुट ऊपर लटकी 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन पर नहीं पड़ी।

तार की चपेट में आने से कुत्ता करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने के प्रयास में अमन भी हादसे का शिकार हो गया। इससे पहले लाइन में धमाके के बाद तार टूट गया था और आसपास के घरों की बिजली गुल हो गई थी, लेकिन टूटकर लटकी हाईटेंशन लाइन को समय रहते हटाया नहीं गया।

हादसे ने बिजली निगम की सुरक्षा व्यवस्था और फॉल्ट के बाद की जाने वाली कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें लंबे समय तक लाइनों की मेनटेनेंस नहीं की जाती। इसके अलावा ओवरलोड की वजह से भी तार टूटती हैं।

ऐसे हुई घटना

स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे बिजली लाइन में तेज धमाके के साथ फॉल्ट हुआ था और अधिकतर घरों की बिजली चली गई। इस दौरान 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार टूटकर नीचे लटक गया।

तार जमीन से महज आधा फुट ऊपर था। लोग घरों में सोए थे, किसी को पता नहीं चला कि तार टूटकर रास्ते में लटका है। अमन अपने देसी पालतु कुत्ते को घुमाने के लिए घर से निकला और उसकी चेन छोड़ दी।

टहलते हुए कुत्ता तार की चपेट में आकर तड़पने लगा। अमन उसे बचाने दौड़ा और चेन पकड़कर खींचने की कोशिश की। चेन में भी करंट दौड़ गया और अमन जमीन पर गिर पड़ा।

शोर सुनकर लोग घरों से बाहर निकले। अमन को अस्पताल ले जाया गया, डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद बिजली विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

लोगों का कहना है कि फॉल्ट के बाद भी बिजली चालू रही। समय रहते तार को सुरक्षित नहीं किया गया। हादसे के तुरंत बाद तार को दुरुस्त कर दिया गया।

सेक्टर-58 थाना पुलिस ने इस मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही से मौत की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया जांच के बाद पता चलेगा किस अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही रही।

पांच भाईयों से सबसे छोटा था अमन

यहां पंडित चौक के पास रहने वाला अमन एक फैक्ट्री में सफाईकर्मी था। पांच भाइयों में सबसे छोटा अमन परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था।

परिवार मूलरूप से अलीगढ़ के सुनाना गांव का रहने वाला है और करीब 30 साल पहले यहां आकर बसा था। उसके पिता भी सफाईकर्मी हैं, जबकि सभी भाई निजी कंपनियों में नौकरी करते हैं।

बिजली निगम के ठेकेदार रविंद्र बिधूड़ी ने बताया कि 11 हजार वोल्ट की लाइन टूटकर अगर जमीन पर गिरती है तो लाइट कट हो जाती है, अगर लाइन जमीन से टच नहीं हुई और हवा में है, तो उसमें करंट चालू रहता है। उन्होंने बताया कि ओवरलोड व फॉल्ट के कारण तार टूट सकती हैं। जांच चल रही है।

मामले की जांच कराई जाएगी कि तार कैसे टूटा। इस मामले में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई होगी। प्रदेश सरकार की स्वतंत्र एजेंसी चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टोरेट भी इस मामले की जांच करेगी।
- अमित कंबोज, अधीक्षण अभियंता, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम