शहर कूड़े के ढेर पर, अधिकारी लापरवाह
बारिश का मौसम चल रहा है। शहर में सफाई न होने की वजह से जगह-जगह पर गंदगी के ढेर पड़े हुए हैं।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़: बरसात का मौसम चल रहा है पर शहर कूड़े के ढेर पर है। सफाई न होने की वजह से जगह-जगह हालात खराब होते जा रहे हैं। जगह-जगह कूड़ा सड़ रहा है, बदबू से आसपास के लोगों का ही नहीं बल्कि यहां से गुजरने वालों का भी बुरा हाल है। इस वजह से लोग बुखार सहित अन्य बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
शहर में ईकोग्रीन को कूड़ा उठाने का ठेका दिया गया है। शहर में करीब 20 जगह पर कूड़े के ढेर पड़े हुए हैं। इन पर बेसहारा पशु मुंह मारते रहते हैं। तीन-चार दिन तक कूड़ा नहीं उठाया जाता। गंदगी से मच्छर पैदा हो गए हैं। अब वायरल बुखार, जुकाम, खांसी से लोग ज्यादातर प्रभावित हो रहे हैं। उमस भरी गर्मी में अक्सर लोग खुले में सोते हैं और बीमार हो जाते हैं।
-उमेश वर्मा शहर में कहीं से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। आए दिन सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल करते रहते हैं, लेकिन सफाई नहीं करते हैं। वहीं ईको ग्रीन के कर्मचारी घरों से रुपये की उगाई कर लेते हैं, लेकिन कूड़ा नहीं उठाते हैं।
-राजन जल्द कूड़े के ढेरों को उठवा दिया जाएगा। अब तक ईकोग्रीन के चालकों ने हड़ताल की हुई थी। अब हड़ताल खत्म हो चुकी है। दो दिन के अंदर शहर में कूड़े के ढेर दिखाई नहीं देंगे।
-दीपक किगर, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम