फरीदाबाद में बेखौफ भू-माफिया का सरकारी अस्पताल पर कब्जा, दीवार तोड़ रातोंरात खड़े कर दिए पिलर
फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल में अवैध कब्जाधारकों ने दीवार तोड़कर रातोंरात परिसर में पिलर खड़े कर दिए। स्वास्थ्य विभाग ...और पढ़ें

जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल में तोड़ी गई पिलर की दीवार। जागरण
HighLights
बादशाह खान अस्पताल की दीवार तोड़कर अवैध पिलर बनाए गए।
स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने मौके पर पिलर ध्वस्त किए।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। शहर में अवैध कब्जा करने वालों का हौसला इतना बढ़ गया है कि सरकारी अस्पताल को भी नहीं बख्श रहे हैं। बेखौफ कब्जा धारकों ने जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल की दीवार तोड़कर परिसर में रातोंरात पिलर खड़े कर दिए।
सुबह जब स्टाफ की नजर टूटी दीवार और नए पिलरों पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को बुलाया और पुलिस की मौजूदगी में अवैध रूप से बनाए गए सभी पिलरों को गिरा दिया गया
जानकारी के मुताबिक जिला नागरिक अस्पताल में मौजूद सीएमओ कार्यालय के पीछे की ओर एक धार्मिक स्थल है। आरोप है कि इसी स्थान के पास अस्पताल की दीवार को तोड़कर अस्पताल परिसर की जमीन में प्रवेश किया गया है।
इसके बाद सीमेंटेड टाइलें लगाकर बड़े हिस्से को घेरने और वहां निर्माण कार्य शुरू करने का प्रयास किया गया है। मौके पर तीन मजदूर काम कर रहे थे। सुबह सफाई के दौरान एक चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी ने निर्माण को देखा और सीएमओ कार्यालय में शिकायत दी।
पुलिस की मौजूदगी में तोड़े गए अवैध पिलर
बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य देर रात से चल रहा था। लेकिन दीवार दो दिन पहले तोड़ी गई थी। अधिकारियों ने निर्माण कर रहे श्रमिकों से पूछने का प्रयास किया, लेकिन ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और अवैध पिलर की दीवार तोड़ दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दीवार टूटी, निर्माण शुरू, कहां था अधिकारियों का ध्यान
शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में दीवार तोड़कर परिसर में पिलर की दीवार खड़ी कर दी गई और अधिकारियों को इस संबंध में जानकारी दो दिन बाद मिली है। इससे अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
अस्पताल की जमीन पर कब्जे का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसी कोशिशें हो चुकी हैं। विभाग ने कब्जा करने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
