बाजारों में होली की जबरदस्त रौनक
होली के मद्देनजर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। रसायनयुक्त व गीले रंगों के विकल्प के तौर पर प्राकृतिक रंगों की बहार नजर आ रही है। बाजार में हर्बल पैक की खूब खरीदारी हो रही है।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : होली के मद्देनजर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। रसायनयुक्त व गीले रंगों के विकल्प के तौर पर प्राकृतिक रंगों की बहार नजर आ रही है। बाजार में हर्बल पैक की खूब खरीदारी हो रही है। मार्केट नंबर एक, दो, तीन, पांच के अलावा बल्लभगढ़ बाजार में भी हर्बल रंगों की दुकानों पर रौनक है। ऐसे ही बच्चे कार्टून करेक्टर की पिचकारियां पसंद कर रहे हैं।
विक्रेताओं का कहना है कि धीरे-धीरे लोगों में जागरूकता आ रही है। लोग गीले रंगों से बच रहे हैं और प्राकृतिक रंगों के प्रति रुझान बढ़ रहा है। एक नंबर मार्केट मिलाप दवाखाना चौक के आसपास लगी पिचकारी व रंगों की दुकानों पर मंगलवार को लोगों ने खरीदारी की तो पांच नंबर मार्केट में भी रात तक लोग हर्बल पैक की खरीदारी करते दिखे। होलिका दहन में भद्रा का विशेष महत्व होता है। बुधवार रात 8.58 के बाद होलिका दहन का मुहूर्त बनता है। होली पूजन में भक्त प्रह्लाद की पुष्प, चावल, बतासे, कच्चा सूत और हल्दी से पूजा की जाती है। भक्त प्रह्लाद को अग्नि होलिका से बचाने का विशेष महत्व होता है। धर्म की रक्षा के लिए भक्त प्रह्लाद को बचाने की परंपरा शास्त्र में है। होली के सात दिन पहले होलाष्टक लगता है, जिसमें शुभ कार्य वर्जित हो जाते हैं और दुल्हेंडी वाले दिन से वापस शुभ कार्य आरंभ हो जाते हैं।
-पंडित वीके शास्त्री, सेक्टर-16 डॉक्टरों की छुट्टियां रद
जिला स्वास्थ्य विभाग ने होली के मद्देनजर बादशाह खान अस्पताल के डॉक्टरों की छुट्टियां रद कर दी हैं। होली वाले दिन आपातकालीन विभाग में हर पाली में दो डॉक्टर ड्यूटी पर रहेंगे। आमतौर पर एक डॉक्टर ही ड्यूटी पर रहते हैं। अस्पताल के कार्यकारी प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ.विनय गुप्ता ने बताया कि किसी भी तरह की कोई घटना हुई तो उससे निपटने को पूरे स्टाफ को सतर्क रहने को कहा गया है।