फरीदाबाद: गांवों के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, महात्मा गांधी जयंती पर ग्राम सभाएं आयोजित; तैयार हुआ रोडमैप
महात्मा गांधी की जयंती पर जिले की सभी 100 पंचायतों में ग्राम सभाओं की बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों ...और पढ़ें
-1791025361401_m.webp)
ग्राम सभाओं की बैठकों में बनाई गई गांवों के विकास की योजना। जागरण
HighLights
महात्मा गांधी जयंती पर 100 पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित।
गांवों के विकास, स्वच्छता और सरकारी योजनाओं पर हुई चर्चा।
जिला परिषद सीईओ शिखा ने तिगांव पंचायत बैठक में भाग लिया।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़। महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में जिले की सभी 100 पंचायतों में ग्राम सभाओं की बैठकों का दौर पूरे दिन चलता रहा। इनके माध्यम से गांवों के विकास की योजना तैयार की गई।
ग्राम विकास योजना में गांव की स्वच्छता, विकास कार्य, मूलभूत सुविधा, सरकारी योजनाओं पर चर्चा की गई। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिखा ने तिगांव पंचायत ग्राम सभा की बैठक में भाग लिया। इस मौके पर तिगांव की खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अनीता यादव, गांव के सरपंच विक्रम प्रताप सिंह नागर, सभी पंच मौजूद थे।
शिखा ने बताया कि ग्रामीणों को बताया गया कि स्वच्छता ही सेवा है। इसे लेकर ग्रामीणों को गांव को साफ-सुंदर बनाने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने, कचरा का उचित प्रबंधन को लेकर शपथ दिलाई और जागरूक किया।
ग्रामीणों को बताया कि यह सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि एक सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्राम विकास को लेकर सड़क, पेयजल, स्वच्छता, पानी निकासी, स्ट्रीट लाइट पर लोगों के सुझाव लिए और पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने के बारे में बताया।
जिला परिषद की सीईओ शिखा ने बताया कि इस दौरान यह पता लगाया गया कि किस ग्रामीण को सरकारी योजना और सेवाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके कारण क्या है। परिवार पहचान पत्र से संबंधित कार्यों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों का सत्यापन किया गया।
विकास कार्यों की प्रगति पर ग्रामीणों के साथ संवाद किया। कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि ग्रामीण लोकतंत्र में ग्राम सभा महत्वपूर्ण आधार है।
इसके माध्यम से ग्रामीण अपने गांव की जरूरत, समस्या, विकास कार्यों की प्राथमिकता को सीधे सामने रख सकते हैं। ग्रामीण ग्राम सभाओं की बैठक में ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाग लें।
