एक माह में शुरू होगा गुरुग्राम नहर के पुल का निर्माण कार्य
राष्ट्रीय राजमार्ग गुरुग्राम नहर के पुल को चार लेन से बढ़ाकर 10 लेन बनाने का काम एक महीने के अंदर शुरू कर दिया जाएगा।
सुभाष डागर, बल्लभगढ़ : राष्ट्रीय राजमार्ग गुरुग्राम नहर के पुल को चार लेन से बढ़ाकर 10 लेन बनाने का काम एक महीने के अंदर शुरू कर दिया जाएगा। पुल के 10 लेन बनने से यहां पर लगने वाले जाम से लोगों को छुटकारा मिलेगा। आगरा और दिल्ली आने-जाने वाले लाखों लोगों का सफर सुगम होगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग का आगरा से दिल्ली बदरपुर बार्डर तक सुंदरीकरण और छह लेन बनाने का काम अंतिम दौर में चल रहा है। अब सिर्फ गांव झाड़सेंतली पुल का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। अब एनजीटी ने निर्माण कार्यों से प्रतिबंध हटा दिया है और पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। राजमार्ग पर नए पांच पुल बनाए जाने हैं। इन्हीं में गुरुग्राम नहर का पुल भी शामिल है। गांव सीकरी, गांव पृथला में दूधौला चौक, औरंगाबाद चौक, होडल के बाबरी चौक पर पुल बनाए जाने हैं। अब तक राजमार्ग के सुंदरीकरण और पुल बनाने का काम रिलायंस कंपनी और एलएंडटी कर रही थी। अब पांच नए पुलों का निर्माण गावरा कंस्ट्रक्शन कंपनी करेगी। नए पुल का काम शुरू करने के लिए कंपनी के स्तर पर कार्य तेजी से चल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पांचों पुलों को बनाने का काम शुरू करने के लिए अभी ड्राइंग तैयार करने का काम चल रहा है। एक महीने के अंदर पुलों का काम शुरू कर दिया जाएगा। गुरुग्राम नहर के पुल के लिए गाडर बनाने का काम चल रहा है। गाडर बनाकर तैयार करके लाए जाएंगे और गाडरों के नीचे स्पोर्ट के पिलर नहर के अंदर बनाए जाएंगे। नहर का पुल पहले बनाएंगे।
-सौरभ लांबा, प्रबंधक, गावरा कंस्ट्रक्शन कंपनी