शिविर में अव्यवस्था, उद्यमी हुए परेशान
नगर निगम की ओर से एफआइए सभागार में ट्रेड लाइसेंस के लिए लगाए गए शिविर में उद्यमी परेशान रहे। उद्यमियों ने इस बात के लिए नारागजी जताई कि नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहयोग नहीं किया।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : नगर निगम की ओर से एफआइए सभागार में ट्रेड लाइसेंस के लिए लगाए गए शिविर में उद्यमी परेशान रहे। उद्यमियों ने इस बात के लिए नाराजगी जताई कि नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहयोग नहीं किया। वेबसाइट बदले जाने से ऑनलाइन आवेदन में भी उद्यमियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शिविर की व्यवस्था ठीक न होने के कारण लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष रवि भूषण तथा पूर्व अध्यक्ष अरुध बजाज ने निगमायुक्त अनीता यादव से भी शिकायत की। अब नगर निगम की ओर से शुक्रवार को भी शिविर लगाया जाएगा।
बता दें कि नगर निगम ने एनआइटी, ओल्ड फरीदाबाद तथा बल्लभगढ़ जोन के उद्यमियों को ट्रेड लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए शिविर का आयोजन किया था। जब उद्यमी एफआइए सभागार पहुंचे तो निगम अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पहले ऑनलाइन आवेदन की प्रकिया पूरी होनी चाहिए, उसके बाद नवीनीकरण हो पाएगा। इससे उद्यमी खफा हो गए। नाराजगी इस बात को लेकर भी थी कि पिछले वर्ष और अब नए वर्ष में वेबसाइट बदल दी गई है। पहले अर्बन लोकल बॉडी (यूएलबी) की वेबसाइट पर आवेदन किया जाता था और अब सरल हरियाणा की वेबसाइट पर आवेदन किया जाना है। उद्यमियों ने जब इस पर ऑनलाइन आवेदन किया तो तकनीकी खामी के चलते आवेदन भी नहीं हो पा रहा था। ट्रेड लाइसेंस के लिए नगर निगम के अधिकारियों ने सहयोग नहीं किया। अगर सहयोग करते तो उद्यमियों को इतनी परेशानी नहीं होती।
-रविभूषण खत्री, अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती। मैं ट्रेड लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए यहां आया था। औपचारिकताओं के नाम पर दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
-एलएन वर्मा, सेक्टर-24 उद्यमी। ट्रेड लाइसेंस बनवाने आया था। तकनीकी खामी के कारण बहुत ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। समय अलग से बर्बाद हुआ।
-वरुण, उद्यमी। किसी भी शिविर में हेल्प डेस्क जरूर होनी चाहिए। मगर यहां व्यवस्था ठीक नहीं थी। ज्यादातर लोग परेशान हो रहे थे।
-पंकज शर्मा, उद्यमी। हमने ट्रेड लाइसेंस के लिए ही शिविर लगाया था। ट्रेड लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन और औपचारिकताएं पूरी करना अनिवार्य है। उद्यमी सहयोग करें। हम अब शुक्रवार को भी यहां शिविर लगाएंगे और इस दौरान हेल्प डेस्क भी होगी।
-विजय सिंह, क्षेत्रीय कर अधिकारी, नगर निगम मुख्यालय।