व्यापारी ने जहरीला पदार्थ निगला, मौत
एक व्यापारी ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। व्यापारी ने जहर खाने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा है। जिसमें उसने एक दंपति पर परेशान
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : एक व्यापारी ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। व्यापारी ने जहर खाने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें उसने एक दंपती पर परेशान करने का आरोप लगाया है।
बनियावाड़ा के रहने वाले 60 वर्षीय अनिल गर्ग का उनके चचेरे भाई राजेश गर्ग से संपत्ति विवाद चल रहा था। चचेरे भाई की पत्नी अंशु गर्ग भाजपा के एक बड़े नेता की रिश्तेदार हैं। भाजपा नेता के दबाव में उन्हें पुलिस से न्याय नहीं मिल रहा था, जिससे वे काफी परेशान थे। उन्होंने बुधवार को एक सुसाइड नोट लिख कर जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे वे बेहोश हो गए और परिजन उन्हें मेट्रो अस्पताल ले गए। वहां पर उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बारे में थाना शहर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने अपनी कार्रवाई करके शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल में भेज दिया। बृहस्पतिवार को उसका पोस्टमार्टम किया गया। थाना शहर पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट के आधार पर राजेश गर्ग और उसकी पत्नी अंशु गर्ग के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। जांच शुरू कर दी है।