विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करोड़ों के फ्लैट और सुरक्षा जीरो! फरीदाबाद में 14वीं मंजिल से गिरा प्लास्टर; बड़ा हादसा टला

Published: Sat, 15 Aug 2026 03:33 PM (GMT+05:30)

फरीदाबाद की बीपीटीपी डिस्कवरी पार्क सोसायटी में 14वीं मंजिल की बालकनी से प्लास्टर गिरने से निवासियों में भय का माहौल ...और पढ़ें

बीपीटीपी डिस्कवरी पार्क सोसायटी में एक बार फिर प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई। जागरण

बीपीटीपी डिस्कवरी पार्क सोसायटी में एक बार फिर प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई। जागरण

HighLights

  1. बीपीटीपी सोसायटी में 14वीं मंजिल से गिरा प्लास्टर।

  2. निवासियों ने निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा पर उठाए सवाल।

  3. बिल्डर ने जाली को बताया प्लास्टर गिरने का कारण।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद स्थित बीपीटीपी डिस्कवरी पार्क सोसायटी में एक बार
फिर प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई है। जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया है। गनीमत यह रही कि 14वें मंजिल की बालकनी का टुकड़ा गिरने के बाद जाली में फंस गया।

लोगों का कहना है कि यदि जाली नहीं होती तो इससे कोई भी निवासी घायल हो सकता था। निवासियों ने बार-बार प्लास्टर गिरने की घटना के बाद सोसायटी के निर्माण मेें इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवालिया निशान लगाया है।

मेंटेनेंस शुल्क 9 हजार

बीपीटीपी डिस्कवरी पार्क सोसायटी में 800 से अधिक फ्लैट्स हैं। लगभग 600 से फ्लैट्स में लोग रह रहे हैं। यहां फ्लैट्स की कीमत दो करोड़ तक है। लोगों को वर्ष 2019 से पजेशन मिलना शुरू हो गया था। वहीं बिल्डर ने वर्ष 2020 से मेंटेनेंस शुल्क वसूलना शुरू किया था। वर्तमान में मेंटेनेंस शुल्क 9 हजार तक पहुंच गया है।

आरोप है कि करोड़ों के फ्लैट में सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है। यहां निवासी जान जोखिम में डालकर रहे हैं। बिना आंधी और वर्षा के फ्लैट्स से प्लास्टर गिरना चिंता का विषय है।

पहले भी गिर चुका है प्लास्टर

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि 12 जून को सोसायटी के प्रवेश द्वार पर दीवार से टाइलें गिर गई थी। शुक्र रहा कि उस समय वहां कोई नहीं था, वरना चोट लग सकती थी। इससे पहले भी कई बार टाइलें और प्लास्टर गिरने के मामले सामने आ चुके हैं।

लोगों द्वारा बार-बार लिखित और ईमेल पर शिकायत के बाद भी बिल्डर की ओर मरम्मत नहीं कराई जा रही है। ऐसी घटनाओं से लोगों के बीच डर का माहौल है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम की पॉश सोसायटी में बालकनी की छत का प्लास्टर गिरा, बाल-बाल बचे लोग

करोड़ों के फ्लैट्स में लोगों की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है। जिम्मेदार बिल्डर ही लोगों की समस्या को नहीं सुन रहा है। आए दिन हो रही घटनाओं के कारण लोग डर गए हैं। - अमित गुप्ता, स्थानीय निवासी

बिल्डर हर महीने मेंटेनेंस शुल्क वसूलता है, लेकिन मरम्मत कार्य नहीं कराया जाता है। हर महीने सोसायटी में प्लास्टर और दीवार से टाइलें गिर रही हैं। यदि बालकनी में जाली नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। - अभिषेक अग्रवाल, स्थानीय निवासी

मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निवासी द्वारा बालकनी में कबूतरों से बचाव के लिए जाली लगाई गई थी। जाली लगाने के कारण प्लास्टर क्षतिग्रस्त व कमजोर होकर गिर गया। यह घटना निवासी द्वारा लगाए गए जाली के कारण हुई है और इसके लिए बीपीटीपी तथा मेंटेनेंस एजेंसी की ओर से किसी निर्माण या रखरखाव संबंधी चूक को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया गया है। - श्याम सुंदर, एमडी, बीपीएमएस