छत से नाली में गिरा 5 वर्षीय बालक, डूबने से मौत
विष्णु कॉलोनी में एक पांच वर्षीय बच्चा छत पर खेलते समय नाली में जा गिरा। जिससे उसकी डूबने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़: विष्णु कॉलोनी में एक पांच वर्षीय बच्चा छत पर खेलते समय नाली में जा गिरा, जब तक परिजनों को इसके बारे में पता चले, तब तक नाली में डूबने के कारण बच्चे की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने अपनी कार्रवाई करके बच्चे का बादशाह खान अस्पताल में पोस्टमार्टम करा दिया है।
विष्णु कॉलोनी के रहने वाले रामजीत रोजाना की तरह अपने काम-काज पर गए हुए थे। उनका पांच वर्ष का बच्चा अर्जुन बुधवार की शाम को घर की छत पर खेल रहा था। बच्चे की मां घर के अंदर काम कर रही थी। खेलते समय अर्जुन का खिलौना हाथ से छूट कर गली में गिर गया। अर्जुन ने खिलौने को पकड़ने की कोशिश की, तो वह भी नीचे गिर गया और वह मकान के साथ जा रही नाली में जा गिरा। नाली के पानी में डूबने से बच्चे की मौत हो गई। जब उसकी मां ने देखा कि अर्जुन दिखाई नहीं दे रहा है, तो वह उसे ढूंढने लगी। कुछ देर बाद देखा तो बच्चा नाली में डूबा हुआ था। इसके बारे में लोगों ने आदर्श नगर थाना पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने अपनी कार्रवाई करके मृतक बच्चे को बादशाह खान अस्पताल भेज दिया, जहां पर उसका पोस्टमार्टम किया गया।