विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में 1.04 करोड़ की डकैती की गुत्थी सुलझी, क्राइम ब्रांच ने 4 आरोपियों को दबोचा; पूछताछ जारी

By Harendra NagarEdited By: Kapil Kumar
Published: Sat, 10 Oct 2026 02:32 PM (IST)

फरीदाबाद के फतेहपुर तगा गांव में पूर्व सरपंच अब्दुल कदीम के घर हुई 1.04 करोड़ रुपये की डकैती का मामला ...और पढ़ें

1.04 करोड़ रुपये की डकैती का मामला क्राइम ब्रांच ने सुलझा लिया। AI जनरेटेड

1.04 करोड़ रुपये की डकैती का मामला क्राइम ब्रांच ने सुलझा लिया। AI जनरेटेड

HighLights

  1. फरीदाबाद में 1.04 करोड़ की डकैती का खुलासा।

  2. क्राइम ब्रांच ने चार मुख्य आरोपियों को दबोचा।

  3. पूर्व सरपंच के घर हुई थी बड़ी वारदात।

जागरण संवाददारता, फरीदाबाद। फरीदाबाद में धौज थाना क्षेत्र के फतेहपुर तगा गांव की जोहड़ कॉलोनी में पिस्टल के बल पर पूर्व सरपंच और प्रॉपर्टी डीलर अब्दुल कदीम को बंधक बनाकर 1.04 करोड़ रुपये की डकैती का मामला क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने सुलझा लिया है।

क्राइम ब्रांच ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में साहुन खान फतेहपुर तगा का निवासी है, बाकी तीन आरोपी उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हैं। इनमें हैदर अली उर्फ इमामुद्दीन गांव मढ़ेपुर, मोहम्मद आरिफ गांव डिडौली व मोसीब आलम गांव फतेहपुर माफी का रहने वाला है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। सहायक पुलिस आयुक्त वरुण कुमार दहिया ने बताया कि जांच में सामने आया है कि साहुन खान को जानकारी थी कि शिकायतकर्ता अब्दुल कदीम ने अपनी जमीन बेची है और उससे मिली नकदी घर में रखी हुई है।

साहुन ने अपने जानकार लियाकत को इसकी जानकारी दी और डकैती की वारदात को अंजाम देने के लिए कहा। पुलिस के अनुसार, लियाकत पहले भी डकैती जैसी वारदातों में शामिल रहा है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, लियाकत के कहने पर 7 लोग आर्टिगा कार से फतेहपुर तगा पहुंचे। साहुन ने दो लोगों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर शिकायतकर्ता के घर की रैकी कराई और वहां आने-जाने के रास्तों की जानकारी दी।

इसके बाद 26 सितंबर की रात्रि करीब 2 बजे आरोपी वारदात को अंजाम देने पहुंचे। इनमें से पांच घर में घुसे, जबकि दो कार लेकर अलग चले गए।

कनपटी पर पिस्टल लगाकर बांध दिए हाथ-पैर

शिकायतकर्ता अब्दुल कदीम ने पुलिस को बताया कि 25 सितंबर को उसने अपने पुराने मकान से नए मकान में सामान शिफ्ट किया था। रात करीब 2:10 बजे चार-पांच युवक घर में घुस आए। सभी ने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। एक आरोपी ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर कमरे की चाबी मांगी।

इसके बाद आरोपियों ने उसके हाथ पीछे की ओर बांध दिए और मुंह व पैर भी बांध दिए। फिर लोहे की रॉड से कमरे और संदूक के ताले तोड़कर घर में रखी 1.04 करोड़ रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर 26 सितंबर को थाना धौज में मामला दर्ज किया गया था। अपराध शाखा सेक्टर-30 ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

साहुन को फरीदाबाद से, जबकि हैदर अली, मोहम्मद आरिफ और मोसीब आलम को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के समथला से गिरफ्तार किया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपितों से वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूटी गई नकदी के संबंध में पूछताछ की जा रही है।