पांच राज्यों के नतीजे आज, पूर्व संध्या पर हुई बहस
तीन राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में सत्तासीन भाजपा दोबारा इन प्रदेशों में कमल खिलाएगी या उसे कांग्रेस के हाथों बेदखल होना पड़ेगा अथवा चुनाव नतीजे मिले-जुले होंगे। इसका फैसला मंगलवार को हो जाएगा। इन तीन राज्यों सहित मिजोरम व तेलंगाना में भी पिछले दिनों विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले गए। विभिन्न मीडिया समूहों ने सर्वे एजेंसियों के साथ मिल कर सात दिसंबर की शाम जो पूर्वानुमान घोषित किए हैं, उसे देखते हुए कांग्रेसियों के चेहरे खिले हुए हैं, वहीं भाजपा का मानना है कि नतीजे एक बार फिर उनके पक्ष में होंगे।
सुशील भाटिया, फरीदाबाद : तीन राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में सत्तासीन भाजपा दोबारा इन प्रदेशों में कमल खिलाएगी या उसे कांग्रेस के हाथों बेदखल होना पड़ेगा अथवा चुनाव नतीजे मिले-जुले होंगे। इसका फैसला मंगलवार को हो जाएगा। इन तीन राज्यों सहित मिजोरम व तेलंगाना में भी पिछले दिनों विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले गए। विभिन्न मीडिया समूहों ने सर्वे एजेंसियों के साथ मिल कर सात दिसंबर की शाम जो पूर्वानुमान घोषित किए हैं, उसे देखते हुए कांग्रेसियों के चेहरे खिले हुए हैं, वहीं भाजपा का मानना है कि नतीजे एक बार फिर उनके पक्ष में होंगे।
खैर चुनाव नतीजे मंगलवार को घोषित होते ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, पर आम और खास लोगों सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के नेता इन दिनों शादी-ब्याह के समारोहों या अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में कहीं मिलते हैं, तो साथ ही साथ उनके समर्थकों में भी संभावित परिणाम पर हल्की-फुल्की बहस भी छिड़ जाती है। सोमवार को पूर्व संध्या पर भी एनआइटी में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में इसी तरह का माहौल दिखाई दिया। कार्यक्रम में मौजूद आप नेता धर्मवीर भड़ाना, कांग्रेस के प्रदेश सचिव सुमित गौड़, प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष गुलशन बग्गा, मोहम्मद बिलाल ने अपने-अपने तर्क दिए। वहीं देश-प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के नेताओं का मानना है कि सबकुछ देश की जनता की भावनाओं के अनुरूप होगा और देश की जनता नरेंद्र मोदी को ही 2019 में भी प्रधानमंत्री बनते हुए देखना चाहती है। देखिए चुनाव नतीजे किसके पक्ष में होंगे, अब इस पर कुछ भी दावे करना मायने नहीं रखता। मंगलवार को सुबह से ही इसका पता चल जाएगा, पर मेरा यह मानना है कि राजस्थान, मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ चुनाव के परिणामों का असर 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों पर नहीं पड़ेगा। यह विधानसभा के चुनाव हैं। राष्ट्र की जनता ने साढ़े चार साल में देश को हर क्षेत्र में विकास की राह पर आगे बढ़ते हुए पाया है, महसूस किया है। देश की जनता अपने लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही फिर से देश की बागडोर सौंपेगी।
-कृष्णपाल गुर्जर, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री परिणाम सकारात्मक होंगे। तीनों राज्यों में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी और तेलंगाना व मिजोरम में भी हमारी पार्टी का अच्छा प्रदर्शन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और यह गति मंद नहीं पड़नी चाहिए। अगले साल 2019 में भी देश में कमल खिलेगा।
-गोपाल शर्मा, जिलाध्यक्ष आम आदमी के लिए विकास के क्या मायने हैं, उसका लाभ कैसे वंचित समाज को मिलना चाहिए, यह हमारी पार्टी ने दिल्ली में सरकार चला कर दिखा दिया है। हमारी सरकार की राह में रोड़े न अटकाए जाएं, तो यह और अच्छे परिणाम देती। भाजपा को तीनों राज्यों में हार मिलेगी। अगले लोकसभा चुनाव में और हरियाणा प्रदेश के चुनावों में आप निर्णायक भूमिका में होगी।
-धर्मवीर भड़ाना, अध्यक्ष बड़खल विधानसभा क्षेत्र आप जिस तरह के चुनाव पूर्वानुमान आए हैं, उससे हम उत्साहित हैं। पांचों राज्यों में कांग्रेस की लहर दिखी। इन चुनावों के परिणाम सामने आते ही पूरे देश की जनता अपना मन बदल लेगी।
-विकास चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस चुनाव पूर्वानुमान से यह तो पूरी तरह से साफ हो चुका है कि राजस्थान, मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सत्तारूढ़ होने जा रही है। मंगलवार को यह स्पष्ट भी हो जाएगा। वर्ष 2019 में लोकसभा चुनावों पर इनका गहरा असर पड़ेगा।
-सुमित गौड़, प्रदेश सचिव, कांग्रेस