कार में हुई महिला की डिलीवरी
सरूरपुर से निजी वाहन में नागरिक अस्पताल आ रही एक गर्भवती ने रास्ते में ही बच्चे को जन्म दिया। दोनों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत में सुधार है।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : सरूरपुर से निजी वाहन में नागरिक अस्पताल आ रही एक गर्भवती महिला ने रास्ते में ही बच्चे को जन्म दिया। दोनों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत में सुधार है और उनका उपचार चल रहा है।
सरूरपुर निवासी नीरज ने बताया कि उनकी पत्नी प्रियंका गर्भवती थी। बृहस्पतिवार दोपहर बाद उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। वे तुरंत उसे अपनी कार में बिठाकर नागरिक अस्पताल ले जाने के लिए निकल पड़े। इसी दौरान प्रसव पीड़ा बढ़ने लगी और उसकी डिलीवरी कार में ही हो गई।
नागरिक अस्पताल पहुंचने के तुरंत बाद इस घटना की सूचना इमरजेंसी में तैनात कर्मचारियों को दी गई। इमरजेंसी के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए जच्चा-बच्चा दोनों को कार से बाहर निकाला और स्ट्रेचर पर लिटाकर पहली मंजिल पर स्थित गायनी वार्ड में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने तुरंत दोनों का उपचार शुरू कर दिया। फिलहाल बच्चे को नीकू वार्ड में भर्ती किया गया है, जबकि उसकी मां महिला वार्ड में भर्ती है।