दिल्ली-आगरा हाईवे पर सफर होगा सुपरफास्ट, 120 की रफ्तार से दौड़ेंगी गाड़ियां; फरीदाबाद में कारपेटिंग का काम तेज
दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर गदपुरी से सराय ख्वाजा तक कारपेटिंग का काम तेजी से चल रहा है, जिससे दोनों लेन फर्राटेदार ...और पढ़ें

दिल्ली-आगरा मार्ग पर कारपेटिंग का काम तेज। फोटो: जागरण
HighLights
दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर कारपेटिंग का काम मध्य चरण में
फरीदाबाद से दिल्ली की ओर का काम तीन दिन में पूरा
हाइवे पर वाहन 120 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगे
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर सफर को और रफ्तार देने के लिए कारपेटिंग का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। गदपुरी टोल बैरियर से सराय ख्वाजा टोल बैरियर तक चल रहा काम अब मध्य चरण में पहुंच चुका है।
फरीदाबाद से दिल्ली की ओर की कारपेटिंग अगले तीन से चार दिन में पूरी होने का लक्ष्य है। इसके बाद दिल्ली से फरीदाबाद की ओर काम शुरू होगा। नई कारपेटिंग के बाद हाईवे पर वाहनों के फर्राटा भरने के लिए बेहतर सतह तैयार होगी।
दिल्ली से आगरा तक सिग्नल फ्री कारिडोर को 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार वाले मानकों पर तैयार किया जा रहा है और नई कारपेटिंग भी हाईस्पीड सफर को ध्यान में रखकर की जा रही है।
गदपुरी से फ्लाइओवर तक कारपेटिंग पूरी
गदपुरी टोल बैरियर गेट से 12 अगस्त को कारपेटिंग का काम शुरू हुआ था। अब गदपुरी से ओल्ड फरीदाबाद फ्लाइओवर तक कारपेटिंग पूरी हो चुकी है। बृहस्पतिवार से काम को सराय ख्वाजा टोल बैरियर तक आगे बढ़ाया गया है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के निर्देश पर निर्माण कंपनी हाईवे की निर्माणाधीन आधी साइड को स्लिप कैनोपी से कवर कर रही है। इससे यातायात को बाधित किए बिना निर्माण कार्य जारी रखने की कोशिश की जा रही है।
खुदाई के साथ कारपेटिंग भी चलती रहेगी
निर्माण के दौरान हाईवे पर यातायात सामान्य बनाए रखने के लिए खुदाई और कारपेटिंग का काम साथ-साथ किया जा रहा है। लक्ष्य है कि आगे और पीछे दोनों दिशाओं का ट्रैफिक चलता रहे और वाहन चालकों को कम से कम परेशानी हो।
फरीदाबाद से दिल्ली की ओर चल रहा काम अगले तीन से चार दिन में पूरा करने का लक्ष्य है। यह काम पिछले सप्ताह ही पूरा होना था, लेकिन बीच में तीन-चार दिन मौसम खराब रहने और वर्षा के कारण काम रुक गया।
प्रवेश निकासी पर तैनात हुई पुलिस
कारपेटिंग के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीसीपी ट्रैफिक की ओर से यातायात थाना पुलिस को हिदायत दी गई है। इसके बाद हाईवे के सभी प्रवेश और निकासी द्वार पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
लक्ष्य यह है कि अगले तीन से चार दिन में फरीदाबाद से दिल्ली की ओर चल रहा काम पूरा कर लिया जाएगा। यह काम पिछले सप्ताह ही पूरा होना था, लेकिन बीच में तीन चार दिन मौसम खराब होने, वर्षा आने के कारण काम रुक गया था। बिना किसी बाधा के हाइवे पर काम करना एक बड़ी चुनौती होता है। इसीलिए वाहन चालक भी कार्य के दौरान सुरक्षा का ख्याल रखते हुए सहयोगपूर्ण रवैये के साथ वाहन चलाएं।
- धीरज सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
यह भी पढ़ें- गड्ढों से मिलेगी मिनटों में राहत! फरीदाबाद की ‘Pothole Ambulance’ का देशभर में डंका, अब अपनाएंगे दूसरे राज्य
