सड़क हादसे में झाड़सेंतली के युवा वकील की मौत
सड़क पर सामने जा रहे ट्रॉला से कार टकराने के कारण गांव झाड़सेंतली निवासी 32 वर्षीय वकील प्रथम डागर की मौत हो गई। वहीं साथी मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : सड़क पर सामने जा रहे ट्रॉला से कार टकराने के कारण गांव झाड़सेंतली निवासी 32 वर्षीय वकील प्रथम डागर की मौत हो गई। वहीं साथी मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसा रात 11 बजे गांव झाड़सेंतली से कुछ दूरी पर हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रथम डागर जिला अदालत में प्रेक्टिस करते थे।
जांच अधिकारी एएसआइ मकसूद खान ने बताया कि प्रथम डागर अपने साथी मनोज के साथ अपनी महेंद्रा मरैजो कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे। मनोज कार चला रहा था, प्रथम साथ में बैठे थे। गांव से कुछ दूरी पर सामने चालक ने ट्रॉला अचानक बाएं तरफ मोड़ दिया। उनकी कार ट्रॉला में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद चालक ट्रॉला को वहीं छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। थोड़ी देर बाद ही पीसीआर मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद प्रथम डागर और मनोज को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्रथम डागर को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनोज का इलाज शुरू कर दिया। एएसआइ मकसूद ने प्रथम डागर की जेब से मिले पहचान पत्र से उनकी पहचान की और परिजनों को सूचना दी। प्रथम का परिवार गांव में काफी संपन्न माना जाता है। वे इकलौते पुत्र थे, उनके पिता का दो साल पहले निधन हुआ है। प्रथम डागर की दो बेटियां हैं।