ईरानी गिरोह के तीन बदमाशों को जेल भेजा
पुलिसकर्मी बनकर महिलाओं को लूट का भय दिखाकर सोने के आभूषण ठगने वाले ईरानी गिरोह के बदमाशों को पांच दिन की रिमांड पूरी होने पर सेक्टर-4 पुलिस ने जेल भेज दिया।
जासं, फरीदाबाद : पुलिसकर्मी बनकर महिलाओं को लूट का भय दिखाकर सोने के आभूषण ठगने वाले ईरानी गिरोह के बदमाशों को पांच दिन की रिमांड पूरी होने पर सेक्टर-48 क्राइम ब्रांच ने अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया है। इनमें भोपाल मध्यप्रदेश निवासी कासिम बेग, सलीम अली और ठाणे महाराष्ट्र निवासी सादिक कंबेर जाफरी शामिल हैं। इन बदमाशों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद फरीदाबाद पुलिस पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 प्रभारी अनिल के मुताबिक आरोपितों से फरीदाबाद में ठगी की छह वारदातें सुलझाई गई हैं। आरोपितों से सोने की तीन चूड़ियां, पांच अंगूठी, दो चेन बरामद की गई हैं। आरोपित भोपाल के रहने वाले हैं। वहीं से ठगी के लिए निकलते हैं।
यह गिरोह फरीदाबाद में कई साल से सक्रिय है। सेक्टर क्षेत्र में अकेली घूम रही बुजुर्ग महिलाएं इनके निशाने पर होती हैं। ये खुद को पुलिसकर्मी बताते हैं। इसके बाद महिलाओं से उनके सोने के आभूषण बैग में रखने के लिए कहते हैं। कागज में लपेटकर देने के बहाने आभूषणों को बदलकर नकली आभूषण दे देते हैं। फरीदाबाद में यह गिरोह सौ के आस-पास वारदातें कर चुका है। दिल्ली-एनसीआर में यह ईरानी गिरोह के नाम से कुख्यात है।