नहर में कूदी विवाहिता को ढूंढने पहुंची एनडीआरएफ
खेड़ी पुल से 12 दिसंबर को आगरा नहर में कूदी भारत कॉलोनी निवासी विवाहिता मन्नू को ढूंढने के लिए शनिवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) टीम पहुंच गई। एनडीआरएफ के गोताखोरों ने नहर में मन्नू को ढूंढना शुरू कर दिया। देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका।
जासं, फरीदाबाद : खेड़ी पुल से 12 दिसंबर को आगरा नहर में कूदी भारत कॉलोनी निवासी विवाहिता मन्नू को ढूंढने के लिए शनिवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) टीम पहुंच गई। एनडीआरएफ के गोताखोरों ने नहर में मन्नू को ढूंढना शुरू कर दिया। देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका। इधर, मायके वालों की शिकायत पर ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने उसके ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
होडल पलवल निवासी नेत्रपाल के अनुसार बेटी मन्नू की शादी इसी साल 9 मार्च को भारत कॉलोनी निवासी विकास उर्फ विक्की के संग की थी। आरोप है कि ससुराल वाले मन्नू को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। यह बात मन्नू ने कई बार मायके वालों को बताई थी। उन्होंने अपने स्तर पर उसके ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया, मगर नतीजा सिफर रहा। प्रताड़ना से तंग आकर 12 दिसंबर को शाम 7.25 बजे मन्नू ने खेड़ी पुल से आगरा नहर में छलांग लगा ली थी। उसके मोबाइल व पर्स पुल किनारे रखे मिले थे, जिनसे उसकी पहचान हुई। एनडीआरएफ टीम ने शुक्रवार को खेड़ी पुल से बड़ौली पुल के बीच मन्नू को तलाश किया। पानी ठंडा होने के कारण तलाशी अभियान में दिक्कत आ रही है। खेड़ी पुल थाना प्रभारी सुरेंद्र ने बताया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।