चमकाने के बहाने बुजुर्ग महिला से ठगी सोने की चूड़ियां
जासं, फरीदाबाद: ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र में दो ठगों ने चमकाने के बहाने
जासं, फरीदाबाद : ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र में दो ठगों ने चमकाने के बहाने 80 वर्षीय महिला से सोने की चूड़ियां ठग लीं। वारदात के दौरान घर पर बुजुर्ग महिला व घरेलू सहायिका ही मौजूद थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-19 निवासी आनंद गुप्ता मुजेसर में वर्कशॉप चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शनिवार को परिवार के सभी सदस्य अपने अपने काम पर गए थे। बच्चे स्कूल गए थे। घर पर उनकी 80 वर्षीय मां कृष्णा गुप्ता और घरेलू सहायिका थे। दिन में सहायिका अपने काम में व्यस्त थी, वहीं कृष्णा गुप्ता कुर्सी पर धूप में बैठी थीं। तभी दो लोग वहां पहुंचे। उन्होंने कृष्णा को बताया कि वे आभूषण साफ करके बिल्कुल नए की तरह चमका देते हैं। कृष्णा उनकी बातों में आ गईं।
उन्होंने अपनी दोनों चूड़ियां उन्हें दे दी। दोनों ने थोड़ा गर्म पानी मांगा। वे उठकर रसोई में पानी लेने चली गईं। जब बाहर लौटी तो आभूषण चमकाने वाले गायब थे। कृष्णा को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत अपने बेटे को सूचित किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।