अहान का राष्ट्रीय टूर्नामेंट में उम्दा प्रदर्शन
विशाखापट्टनम में संपन्न हुई अंडर-16 राष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट के निर्णायक मुकाबले में हरियाणा की टीम ने झारखंड की टीम को हराया है। हरियाणा की जीत में जिले के खिलाड़ी अहान पोद्दार ने अहम भूमिका निभाई है।
जासं, फरीदाबाद : विशाखापट्टनम में संपन्न हुई अंडर-16 राष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट के निर्णायक मुकाबले में हरियाणा की टीम ने झारखंड की टीम को हराया है। हरियाणा की जीत में जिले के खिलाड़ी अहान पोद्दार ने अहम भूमिका निभाई है। अहान ने पहली पारी में 57 और दूसरी में 36 रन बनाए।
जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रजत भाटिया ने बताया कि अहान चार साल से द क्रिकेट गुरुकुल में अभ्यास कर रहा है और अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने पर राष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए चयन किया गया। टूर्नामेंट के दौरान महाराष्ट्र, दिल्ली, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकाबले खेले गए थे। जम्मू के खिलाफ सबसे अधिक 161 रन बनाए थे, जबकि टूर्नामेंट में 470 रन बनाए हैं। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी अहान ने कोच अनिकेत उपाध्याय से प्रशिक्षण हासिल किया है। अहान को उनके पिता अनुज पोद्दार और दादा गौतम पोद्दार समय-समय पर प्रोत्साहित करते हैं। पूर्व क्रिकेटर विजय यादव ने अहान को अच्छा बल्लेबाज बताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।