यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 04, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एनएचएआइ और आजतक की टीम ने जीते मुकाबले
मानव रचना कॉरपोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को खेले गए मुकाबलों में एनएचएआइ की टीम ने मेटाफेब की टीम को ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : मानव रचना कारपोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को खेले गए मुकाबलों में एनएचएआइ की टीम ने मेटाफेब की टीम को पांच विकेट से और दूसरे मुकाबले में आजतक ने एचपीसीएल की टीम को 126 रन से हराया। मानव रचना इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के मैदान पर खेले गए मैच का उद्घाटन एमआर इंटरनेशनल स्कूल गुरुग्राम सेक्टर-46 के खेल विभाग के प्रमुख किशोर कुमार ने किया।
एनएचएआइ ने टॉस जीतकर मेटाफेब को बल्लेबाजी के लिए कहा। मेटाफेब की टीम ने 15 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 197 रन बनाए। बल्लेबाज सतीश ने सात छक्के लगाकर 49, बालकिशन ने पांच छक्कों की मदद से 39 और रवि ने 32 रन बनाए। एनएचएआइ की ओर से नितिन ने तीन, जावेद ने दो, रितेश और संदीप कुमार ने एक-एक विकेट लिया। एनएचएआइ की टीम ने 14.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। संदीप दहिया ने छह छक्के लगाकर 53, रितेश ने पांच छक्कों की बदौलत 50 और प्रवीन 37 रन बनाए। मेटाफेब की ओर से संजीव व सुनील ने दो-दो और बृजमोहन ने एक विकेट लिया। इस मुकाबले में रितेश को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। दूसरे मुकाबले में आजतक की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 276 रन बनाए। बल्लेबाज जहीर ने 16 छक्के लगाकर 107, विक्रांत गुप्ता ने 53 और इमरान ने 33 रन बनाए। एचपीसीएल की ओर से संयम ने दो, अमित, हिमांशु और हर्ष ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए एचपीसीएल की टीम पांच विकेट के नुकसान पर 150 रन ही बना सकी। विकास ने 39, निखिल ने 27 और अमित ने 26 रन बनाए। आजतक की ओर से विक्रांत ने तीन, जहीर व जमशेद ने एक-एक विकेट लिया। जहीर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
