महिलाओं की सुगम यात्रा के लिए 181 रूट पर चलेंगी बसें : सीएम
मुख्यमंत्री मनोहर ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा व उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। महिलाओं के लिए 100 पिक बसें चलाने के साथ 125 मिनी बसें और खरीदी जाएंगी।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा व उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। महिलाओं के लिए 100 पिक बसें चलाने के साथ 125 मिनी बसें और खरीदी जाएंगी। इन बसों के लिए 181 रूट तय किए गए हैं। इसके अलावा छात्राओं की सुरक्षा के लिए 300 बसों को चिन्हित कर उनमें सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार को केएल महता दयानंद शिक्षण संस्थान के स्वर्ण जयंती वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में आए थे। वार्षिकोत्सव को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पहले छात्राओं को उच्चतर शिक्षा के लिए अपने गांव से बेहद दूर शहरों में मीलों चल कर जाना पड़ता था। अपनी कन्याओं की सुरक्षा की चिता की खातिर अभिभावक उनकी पढ़ाई बीच में ही छुड़वा देते थे। सरकार ने अभिभावकों व बेटियों को इस परेशानी से बचाने के लिए 20 किलोमीटर की परिधि में कालेज खोलने का निर्णय लिया गया तथा इसके लिए 40 स्थान चिन्हित किए गए, 31 कॉलेज खुल चुके हैं और नौं और कालेज खोले जा रहे हैं, ताकि उच्च शिक्षा के लिए लड़कियों को 10 किलोमीटर से अधिक सफर न करना पड़े। लड़कियों को कॉलेजों तक पहुंचने में परेशानी से बचाने के लिए 181 रूट पर महिला स्पेशल बस चलाने का निर्णय लिया गया, जिसमें से 100 रूट पर बसें चल रही हैं। महिला बसों में एक महिला पुलिस सिपाही की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश में 31 महिला थाने खोले गये हैं तथा जल्द ही तीन और नए थाने खोले जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महात्मा कन्हैया लाल द्वारा औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में 50 साल पहले ही महिला कॉलेज की स्थापना करने पर मुक्त कंठ से सराहना की। संस्थान के अध्यक्ष आनंद महता ने मु्ख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस अवसर पर प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा व नरेंद्र गुप्ता, सीएम के राजनीतिक सचिव अजय गौड़ भी उपस्थित थे।