'पार्टी की मजबूती के काम करें समर्पित कार्यकर्ता'
पूर्व मंत्री कविता जैन ने भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वो आगे बढ़ कर पार्टी की मजबूती के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जिसके कार्यकर्ता को जमीन से शिखर तक पहुंचने का मौका मिलता है।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : पूर्व मंत्री कविता जैन ने भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वो आगे बढ़ कर पार्टी की मजबूती के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जिसके कार्यकर्ता को जमीन से शिखर तक पहुंचने का मौका मिलता है। कविता जैन बृहस्पतिवार को भाजपा मंडल अध्यक्षों के चुनाव से पूर्व रायशुमारी कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी।
आयोजन सेक्टर-11 में मिलन वाटिका में हुआ, जहां फरीदाबाद, बल्लभगढ़ व तिगांव मंडलों के वर्तमान अध्यक्ष व सक्रिय सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम में विधायक नरेंद्र गुप्ता, जिला भाजपा अध्यक्ष, चुनाव अधिकारी जीएल शर्मा, सह अधिकारी जगमोहन गोयल, वरिष्ठ भाजपा नेत्री रेनू भाटिया, नूंह जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष रामौतार सिगल, जिला उपाध्यक्ष मूलचंद मित्तल, राजकुमार वोहरा, वजीर सिंह डागर, किरण सिंह सौरोत तथा इस क्षेत्र के चुने हुए निगम पार्षद मौजूद थे।
इसके अलावा एक अन्य बैठक सिही, फरीदाबाद तथा अजरौंदा मंडल के कार्यकर्ताओं की हुई।
इस बैठक में विधायक नरेंद्र गुप्ता व चुनाव प्रभारी जीएल शर्मा ने कहा है कि भाजपा ही एक मात्र ऐसी पार्टी है, जहां पर कार्यकर्ता को पूरा सम्मान मिलता है, यही कारण है कि आज पार्टी कार्यकर्ताओं के पास जाकर उनसे पूछ रही है कि कौन पार्टी के पदाधिकारी के रूप में काम करना चाहता है और किसको आम कार्यकर्ता पदाधिकारी बनाना चाहता है। विधायक गुप्ता ने कहा कि हम सबको उन कार्यकर्ताओं का आगे लाना है जो कि पूरे समर्पण भाव के साथ पार्टी के लिए काम कर सकें और मनोहर व मोदी सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचा सकें।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं की अलग-अलग बैठक बुलाई गई तथा उनसे पूछा गया कि जो भी कार्यकर्ता मंडलाध्यक्ष का दायित्व निभाना चाहता है। वह अपना नाम आगे बढ़ाएं। रायशुमारी प्रभारी रामौतार सिघल ने कहा कि उन्होंने सभी इच्छुक कार्यकर्ताओं के फार्म मंडलाध्यक्ष के लिए भरवा लिए हैं तथा इसके साथ कार्यकर्ताओं की अलग-अलग राय भी जानी है कि कौन कार्यकर्ता किसको मंडल अध्यक्ष बनवाना चाहता है। कार्यकर्ताओं की भावना से आलाकमान को अवगत करा दिया जाएगा और जो भी फैसला होगा व कार्यकर्ताओं को सुना दिया जाएगा।