सामान्य नहीं है भाजपा अध्यक्ष से सीएम मनोहर लाल की मुलाकात
बिजेंद्र बंसल, नई दिल्ली : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुख्यमंत्री मनोहर लाल की बुधवार
बिजेंद्र बंसल, नई दिल्ली : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुख्यमंत्री मनोहर लाल की बुधवार नई दिल्ली में हुई मुलाकात सामान्य नहीं है। राज्य में बढ़ते अपराधों के चलते विपक्षी दलों खासतौर पर कांग्रेस और इनेलो की सक्रियता से हरियाणा भाजपा में खलबली है। पिछले तीन दिनों से हरियाणा भाजपा के नेताओं की अलग-अलग दौर की बैठकों के बाद मुख्यमंत्री की शाह से मुलाकात को भी राजनीतिक क्षेत्रों में इसी क्रम में माना जा रहा है। शाह से मिलने के बाद बेशक मुख्यमंत्री मनोहर लाल मीडिया के सामने खुले तौर पर नहीं आ रहे हैं, मगर राजनीतिज्ञ मान रहे हैं कि सीएम ने राज्य में बढ़ते अपराधों पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को सरकार की तरफ से सफाई दी है। इसके साथ ही 15 फरवरी को शाह के जींद दौरे के बाद मंत्रियों के विभागों में बदलाव की आशंका को भी इस मुलाकात के बाद बल मिला है।
हरियाणा भाजपा के शीर्ष नेता और राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी डॉ.अनिल जैन भी सोमवार से बुधवार तक तीन बार हरियाणा के नेताओं से मिल चुके हैं। सोमवार सायं डॉ.अनिल जैन ने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के निवास पर शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु से करीब दो घंटे तक चर्चा की। इस बैठक के बीच से ही शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा का जाना, राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। इतना ही नहीं इस बैठक में शामिल होने के लिए वित्त मंत्री भी गुपचुप तरीके से ही पहुंचे थे। दिल्ली की राजनीति में मुख्यमंत्री के खास समर्थक कृष्णपाल गुर्जर के निवास पर रामबिलास शर्मा और कैप्टन अभिमन्यु का पहुंचना राजनीतिज्ञों के गले नहीं उतर रहा है। हालांकि प्रदेश भाजपाध्यक्ष सुभाष बराला ने इस बैठक को आजीवन सहयोग निधि एकत्र करने के लिए बताया मगर इस बैठक के बाद मंगलवार को जब दिल्ली में डॉ.अनिल जैन ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के साथ बैठक की तो राजनीतिक परि²श्य साफ होने लगा था। बुधवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात को भी इन दो बैठकों के निर्णय का ही परिणाम माना जा रहा है।
संघ नेताओं से भी हो सकती है सीएम की मुलाकात
देर शाम तक हरियाणा भवन में सीएम ने कई सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के प्रतिनिधियों से कॉरपोरेट सोशल रेस्पांस्बिलिटी (सीएसआर) के तहत बैठक की मगर दिन में वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नेताओं से मिलने नहीं गए। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री देर रात या बृहस्पतिवार सुबह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कुछ नेताओं से मिल सकते हैं। संघ के नेताओं को वह भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से हुई मुलाकात का विवरण भी दे सकते हैं।