बूस्टर बनने के बाद भी पेयजल संकट होने पर महिलाओं ने किया रोड जाम
जीतूवाला फाटक पार वार्ड नंबर 20 के लोग शुक्रवार को पेयजल संकट को लेकर भड़क उठे। जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों से बार-बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान न होने पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे लोगों के सब्र का बांध टूट गया।
जागरण संवाददाता, भिवानी : जीतूवाला फाटक पार वार्ड नंबर 20 के लोग शुक्रवार को पेयजल संकट को लेकर भड़क उठे। जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों से बार-बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान न होने पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे लोगों के सब्र का बांध टूट गया। गुस्साए लोगों ने रेलवे फाटक रोड पर जाम लगा दिया। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की गई। जाम से सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम की सूचना मिलने पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जाम की अगुवाई कर रही महिलाओं व बच्चों ने अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। करीब डेढ़ घंटे की अवधि के बाद विभाग के अधिकारियों द्वारा दो दिन में समाधान करने का आश्वासन दिए जाने के आश्वासन पर जाम खोलने को तैयार हुए। महिलाओं और बच्चों ने की अगुवाई
स्थानीय जीतूवाला फाटक पार वार्ड नंबर 20 के लोगों ने पेयजल समस्या को लेकर शुक्रवार को जाम लगा दिया। इस जाम की अगुवाई महिलाएं व बच्चे कर रहे थे। जाम लगा रहे लोगों ने कहा कि उनके यहां काफी दिनों से पानी की समस्या बनी हुई है। वार्ड के लोगों ने कहा कि पेयजल समस्या के समाधान के लिए बूस्टर का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन पानी की सप्लाई सुचारू नही की गई। इसके चलते यहां के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी में बार-बार हाथ धोने के बारे में तो सरकार, प्रशासन व सामाजिक संस्थाओं द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन विभाग पानी तक मुहैया करवा नहीं रहा। जीतूवाला जोहड़, दुर्गा कालोनी, उत्तम नगर, शास्त्री नगर में पेयजल संकट बना हुआ है। इन कालोनी में पानी की सप्लाई सुचारू नही की तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
जाम की सूचना मिलने पर दिनोद गेट पुलिस पहुंची। जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी महिलाएं विभाग अधिकारियों के बुलाने की मांग करते रहे। लंबी मांग के बाद बना था बूस्टर, अब नहीं छोड़ा जाता पानी
जाम लगा रही महिलाओं ने कहा कि वार्ड के लोगों की लंबी मांग के बाद बूस्टर बना था, लेकिन अब तक यहां से सप्लाई नहीं की जा रही है। महिलाओं व लड़कियों ने बताया कि उनके घरों में नहाने, पीने व कपड़े धोने के लिए पानी नही है। जेई व बूस्टर कर्मचारी के आश्वासन पर खोला जाम
मौके पर पहुंचे जेई व बूस्टर कर्मचारी ने कहा कि बूस्टर कुछ रोज पहले बना है। उसका काम चल रहा है। ऐसे में जल्द ही काम पूरा कर दिया जाएगा। इसके दो दिन बाद सभी लोगों को पूरा पानी दिया जाएगा।