पूर्व सरपंच अनिल श्योराण की प्रतिमा का अनावरण
संवाद सहयोगी बाढड़ा हड़ौदी के युवा सरपंच रहे अनिल श्योराण ने बदमाशों से भिड़ते हु
संवाद सहयोगी, बाढड़ा :
हड़ौदी के युवा सरपंच रहे अनिल श्योराण ने बदमाशों से भिड़ते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। उन्हें इस बहादुरी के लिए सदा याद किया जाता रहेगा। प्रदेश सरकार ने उनकी शहादत पर उनकी धर्मपत्नी को वीरता पुरस्कार व स्मृति पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।
यह बात भाजपा विधायक सुखविद्र मांढी ने गांव हड़ौदी में रविवार को पूर्व सरपंच स्व. अनिल श्योराण की भव्य प्रतिमा का अनावरण करते हुए कही। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश सचिव मुकेश गौड़, सांसद धर्मबीर सिंह के पुत्र मोहित चौधरी सहित अनेक मौजिज लोग उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है 21 दिसंबर 2017 को सरपंच अनिल श्योराण अपने साथियों के साथ दादरी से गांव आ रहे थे। इसी दौरान कुछ बदमाश एक गाड़ी छीनकर ले गए। जब पीड़ित ने उनको जानकारी दी तो उन्होंने उसी समय उनका पीछा किया और निहत्थे होते हुए चार पिस्तौलधारी बदमाशों से भिड़ गए। इस दौरान एक बदमाश ने उनको चार गोलियां मार दी लेकिन उन्होंने बदमाशों को नहीं छोड़ा।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश सचिव व लोकसभा संयोजक मुकेश गौड़ व मोहित चौधरी ने कहा कि सरपंच स्व. अनिल श्योराण ने अपनी शहादत से साबित कर दिया कि सीमा पर जवान व खेतों में किसान दोनों ही सही मायनों में राष्ट्र प्रहरी हैं। एक किसान के बेटे की शहादत को प्रदेश सरकार ने भी नमन किया है। उनके स्मारक से युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा मिलेगी। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में जिला पार्षद अनिल बाढड़ा, सरपंच एसोसिएशन अध्यक्ष सूबे सिंह कारीमोद, सुधीर चांदवास, सरपंच सुनीता देवी, एडवोकेट सुनील हड़ौदी, जाट महासभा अध्यक्ष राजकुमार हड़ौदी, राजेश पंचगावां, सरपंच अजीत सिरसली, डा. राकेश भांडवा, जगबीर चांदनी, संजय हड़ौदी, ईश्वर सिंह, पंच रणधीर सिंह, प्रदीप डुडी आदि मौजूद थे।