पैंतावास कलां का उपस्वास्थ्य केंद्र जर्जरहाल, भय के साये में काम करने को मजबूर हैं कर्मचारी
जागरण संवाददाता चरखी दादरी गांव पैंतावास कलां स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र जर्जरहाल है। कई बार
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : गांव पैंतावास कलां स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र जर्जरहाल है। कई बार अधिकारियों के सामने मांग उठाने के बाद भी कोई कदम विभाग की ओर से नहीं उठाया जा रहा है। इसके चलते ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि जल्द हालात नहीं सुधारे गए तो वे किसी भी आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने बताया कि स्वयं यहां डयूटी देने वाले कर्मी भी भय के साये में काम करने को मजबूर हैं। यह इमारत कभी भी ढह सकती है। इस पुरानी इमारत के ढहने का खतरा हर समय बना रहता है। उप स्वास्थ्य कर्मी बाहर बैठकर मरीजों का उपचार करने को विवश हैं। ग्रामीण अमरजीत सोनी, सुरेंद्र सांगवान, चंद्र सिंह, डालाराम, सतबीर, विजय कुमार, जयपाल इंद्र सिंह, नरेश, लीलूराम इत्यादि ने बताया कि पिछले लंबे समय से उनके गांव का यह उप स्वास्थ्य केंद्र कंडम अवस्था में है। पैंतावास कलां सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में मरीज यहां आते हैं। लेकिन वर्तमान में केंद्र की इमारत पूरी तरह कंडम होने से इसके ढहने का डर बना रहता है। कई बार अधिकारियों के सामने गुहार लगा चुके हैं। लेकिन समस्या का कोई भी स्थायी हल नहीं निकाला जा रहा है।