प्रदेश में सशक्त विकल्प के रूप में उभरेगी स्वराज इंडिया पार्टी : योगेन्द्र यादव
जागरण संवाददाता चरखी दादरी दादरी विधानसभा में नवगठित स्वराज इंडिया पार्टी का कार्यालय क
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी विधानसभा में नवगठित स्वराज इंडिया पार्टी का कार्यालय का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। कार्यालय को जनता को समर्पित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने कहा कि यह कार्यालय न सिर्फ स्वराज इंडिया की गतिविधियों को दादरी की जनता तक लेकर जाएगा, बल्कि जनता की परेशानियों को सुलझाने का केंद्र बनेगा व उनकी आवाज को सत्ता में बैठे शीर्ष लोगों तक पहुंचाएगा। योगेंद्र यादव ने कहा कि आज पूरे प्रदेश की पार्टियां राजनैतिक उठापटक से खुश हैं और जनता त्रस्त है। इसी बीच स्वराज इंडिया एक मजबूत विकल्प के साथ हरियाणा की जनता के बीच जाएगी। उन्होंने स्वराज इंडिया के दादरी विधानसभा के प्रत्याशी संजीव गोदारा के संघर्षों की सराहना करते हुए कहा कि इस इलाके को खनन माफियाओं के चंगुल से मुक्ति दिलाने के लिए संजीव गोदारा ने अथक प्रयास किए हैं। मनोहर लाल सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस सरकार ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के नारे की धज्जियां उड़ा दी हैं। जहां उत्तरप्रदेश सरकार रेप के आरोपित भारतीय जनता पार्टी के विधायक के सामने झुक गई थी। हरियाणा सरकार तो एक कदम आगे निकलते हुए गुरमीत सिंह के सामने नतमस्तक हो गई। प्रदेश की भाजपा, कांग्रेस, इनेलो जैसी पार्टियां वोट लेने के लिए बाबा को जेल से बाहर निकालने की जद्दोजहद करने लगी थी। स्वराज इंडिया ने इसका विरोध पहले दिन से किया है और आगे भी पूरी मजबूती से करते रहेंगे। इस अवसर पर स्वराज इंडिया के हरियाणा प्रदेश महासचिव दीपक लाम्बा, जय किसान आंदोलन हरियाणा संयोजक युद्धवीर सिंह अहलावत, राजेंद्र यादव, राकेश, राजेश, अनूप, पूनम, विशाल, सुमित, मोहित, उर्विल, जितेंद्र, अधिवक्ता संजीव, सोनू, दीपा, मोनिका, शशिकांत, प्रवीण, सतेंद्र इत्यादि मौजूद थे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप