गाली देने से रोका तो महिला पर फेंके पत्थर, बोतलें
चरखी दादरी : स्थानीय चंपापुरी कालोनी में पटाखे बजाने के दौरान दो युवकों क
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : स्थानीय चंपापुरी कालोनी में पटाखे बजाने के दौरान दो युवकों को गाली देने से मना करना एक महिला को भारी पड़ गया। गाली देने से रोकने पर शराब के नशे में दो युवकों ने महिला पर पत्थरों व बीयर की बोतलों से हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आया एक युवक भी सिर में पत्थर लगने से घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया है। पुलिस ने घायल महिला के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में स्थानीय चंपापुरी कालोनी निवासी 50 वर्षीय पुष्पा देवी ने बताया कि दीपावली पर्व पर रात के समय उसकी बेटियां गली में पटाखें जला रही थी। इसी दौरान दो युवक शराब के नशे में बाइक पर सवार होकर वहां आए। उक्त दोनों युवक वहां आते ही गालियां देने लगे। पुष्पा देवी ने बताया कि जब उसने दोनों युवकों को गाली देने से मना किया तो उन्होंने उस पर पत्थर व बीयर की बोतलों से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गई।
घायल महिला ने बताया कि इस दौरान बीच-बचाव करने आया पड़ोस का युवक भी सिर में पत्थर लगने से घायल हो गया। बाद में उनके द्वारा शोर मचाने पर उक्त दोनों युवक वहां से भाग गए। जिसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल महिला के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।