सोनिया ने लगाई सबसे लंबी कूद, गोला फेंकने में भी रहीं अव्वल
जागरण संवाददाता चरखी दादरी गांव समसपुर स्थित संतरा देवी शिक्षण महाविद्यालय में 12वीं वार्षिक
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : गांव समसपुर स्थित संतरा देवी शिक्षण महाविद्यालय में 12वीं वार्षिक दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय चेयरमैन सत्यवान धनखड़ व प्राचार्य डा. अनिल हुड्डा ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। चेयरमैन ने कहा कि खेलों से शरीर हष्ट-पुष्ट होता है। खेलों को खेल की भावना से खेलें न कि प्रतिस्पर्धा की। वर्तमान समय में खेल रोजगार प्राप्त करने का एक सशक्त माध्यम भी हैं। इन खेलों में सभी भावी अध्यापकों ने बढ़-चढ़कर कर भाग लिया। ये खेल डा. देवेन्द्र श्योराण की देखरेख में आयोजित किए गए। प्रथम दिन लड़कियों की लंबी कूद में सोनिया प्रथम तथा पूजा द्वितीय स्थान पर रही। लड़कों की लंबी कूद में मंदीप ने प्रथम व संजय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में लड़कों व लड़कियों में मंदीप व प्रिया प्रथम रहे। डिस्कस थ्रो लड़कों में प्रथम स्थान सुनील ने प्राप्त किया जबकि लड़कियों में सोनिया प्रथम, पूजा द्वितीय तथा ज्योति तृतीय स्थान पर रही। ज्वेलिन थ्रो लड़कियों में पूजा ने प्रथम स्थान तथा लड़कों में प्रथम व द्वितीय क्रमश: मंदीप व सुनील रहे। गोला फेंक लड़कियों में सोनिया पहले, पूजा दूसरे तथा प्रिया तीसरे स्थान पर रही। लड़कों की इसी स्पर्धा में प्रथम सुनील व द्वितीय स्थान मंदीप ने प्राप्त किया। इस अवसर पर अन्य सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।