भिवानी में धमकियों से तंग आकर रिटायर्ड प्रिंसिपल ने नहर में लगाई छलांग, दो लोगों पर मामला दर्ज
भिवानी में सेवानिवृत्त प्रिंसिपल उमेश कुमार ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली।
-1786872871488_m.webp)
भिवानी में धमकियों से तंग आकर रिटायर्ड प्रिंसिपल ने नहर में लगाई छलांग (फोटो: जागरण)
HighLights
सेवानिवृत्त प्रिंसिपल उमेश कुमार ने भिवानी नहर में कूदकर दी जान।
पिता-पुत्र अरविंद-अनिल पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस।
मृतक लंबे समय से मानसिक उत्पीड़न और धमकियों से थे परेशान।
जागरण संवाददाता, भिवानी। जींद जिले के लजवान कलां गांव निवासी और उचाना के कालेज से सेवानिवृत्त प्रिंसिपल उमेश कुमार ने भिवानी के तोशाम बाईपास के पास नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के साले सुदीप शर्मा की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने परशुराम कालोनी निवासी अरविंद और अनिल पिता-पुत्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। शिकायत में दोनों पर उमेश कुमार को लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकियां देने के आरोप लगाए गए हैं।
करीब 63 वर्षीय उमेश कुमार पिछले करीब दो वर्षों से पत्नी अनीता के साथ भिवानी में रह रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पत्नी ने भाई को बताई थी उमेश के परेशान होने की बात
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार 14 अगस्त को अनीता ने अपने भाई सुदीप शर्मा को फोन कर उमेश कुमार के काफी परेशान होने की जानकारी दी थी। सुदीप ने जब अपने जीजा से बात की तो उमेश ने कथित तौर पर अरविंद और अनिल लंबे समय से परेशान किए जाने की बात बताई।
शिकायत में आरोप है कि पिता-पुत्र उन्हें धमकाते और गाली-गलौज करते थे। सुदीप के अनुसार उमेश के बेटे के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज कराया गया था। परिवार का आरोप है कि जांच में उसे निर्दोष पाए जाने के बावजूद 13 अगस्त को उसे दोबारा गिरफ्तार किया गया। इन घटनाओं और कथित धमकियों के चलते उमेश मानसिक तनाव में थे। हालांकि पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
आशुतोष के साथ नहर की ओर गए थे उमेश
शुक्रवार सुबह उमेश कुमार अपनी दूसरी बहन के बेटे आशुतोष के साथ तोशाम बाईपास के पास नहर की ओर गए थे। इसी दौरान उमेश ने नहर में छलांग लगा दी। आशुतोष ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफल नहीं हो सका।
स्वयं भी डूबने की स्थिति में आ गया, जिसके बाद वह किसी प्रकार अपनी जान बचाकर सुरक्षित बाहर निकला। इसकी सूचना तुरंत स्वजनों और पुलिस प्रशासन को दी। जिसके उपरांत मौके पर पहुंचे स्वजनों ने गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया।
आखिरकार शुक्रवार देर रात्रि उमेश कुमार का शव लोहानी गांव के पंप हाउस से बरामद कर लिया गया। सदर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम करवाया। वहीं पुलिस मामले में जांच में जुटी है।
