राकेश अब उत्तराखंड हिमालय की दूसरी सबसे ऊंची चोटी सतोपंथ पर फहराएगा तिरंगा
जागरण संवाददाता भिवानी भिवानी जेल में कार्यरत पर्वतारोही राकेश कादियान 15 सितंबर को उत्
जागरण संवाददाता, भिवानी : भिवानी जेल में कार्यरत पर्वतारोही राकेश कादियान 15 सितंबर को उत्तराखंड हिमालय की दूसरी सबसे ऊंची चोटी सतोपंथ पर तिरंगा फहराने के लिए रवाना होंगे। उसे फतह करने में 20 से 25 दिन का समय लगेगा। पर्वतारोही राकेश कादियान ने बताया कि वह 15 सितंबर को उत्तरकाशी में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में अपने साथ जाने वाले दल से मिलेगा। इस दल में दो लड़कियों सहित नौ पर्वतारोही शामिल हैं। जिसमें राकेश के अलावा अन्य दो पर्वतारोही हरियाणा और छह पर्वतारोही अन्य प्रदेशों से हैं।
जेल अधीक्षक सत्यवान ने बताया कि राकेश कादियान 41 वर्ष की उम्र में इस चोटी पर फतह करने वाले और लगातार 16 साल की सरकारी सेवा के बाद इस चोटी पर चढ़ने वाले पर्वतारोहियों में शामिल है। राकेश कादियान इससे पहले भी अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी किलीमंजारो पर केवल 15 घटे और 53 मिनट में चढ़कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।
राकेश कादियान राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में भी अब तक 67 गोल्ड और सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। राकेश ने बताया कि वह इस पर्वत चोटी पर राष्ट्रीय तिरंगा फहराकर अपने प्रदेश, जेल विभाग हरियाणा और भारतीय तिरंगे का नाम रोशन करेंगे। जिला जेल अधीक्षक सत्यवान, उप-अधीक्षक अमित अत्री, उप-अधीक्षक रामनिवास और सभी कर्मचारियों ने पर्वतारोही राकेश के उज्जवल भविष्य की कामना की।