विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भिवानी के तोशाम में पंचायत की करोड़ों की जमीन की रजिस्ट्री पर सवाल, कार्रवाई नहीं होने का लगाया आरोप

Published: Tue, 15 Sep 2026 07:00 AM (IST)

तोशाम गांव में पंचायत की जमीन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में शिकायतकर्ता राजेंद्र मेघवाल ने कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है।

पंचायत की करोड़ों की जमीन की रजिस्ट्री पर सवाल।

पंचायत की करोड़ों की जमीन की रजिस्ट्री पर सवाल।

HighLights

  1. तोशाम में पंचायत की जमीन पर कथित भ्रष्टाचार का मामला

  2. शिकायतकर्ता राजेंद्र मेघवाल ने कार्रवाई न होने का आरोप लगाया

  3. मुख्यमंत्री सहित अधिकारियों को शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं

संवाद सहयोगी, तोशाम। गांव तोशाम में पंचायत की जमीन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार व घोटाले के मामले में कार्रवाई नहीं करने का मामला सामने आया है।

शिकायतकर्ता राजेंद्र मेघवाल ने आरोप लगाया है कि खसरा नंबर 478, रकबा तीन कनाल 19 मरले, जो गैर मुमकिन पंचायत घर के रूप में दर्ज जमीन है, उसे मिलीभगत कर आबादी देह यानी लाल डोरा क्षेत्र की जमीन दर्शाया गया।

इसके बाद कथित तौर पर गलत दस्तावेज तैयार कर ग्राम पंचायत की जमीन की रजिस्ट्री गोपाल निवासी तोशाम के नाम करवा दी गई। शिकायत के अनुसार जमीन की रजिस्ट्री वसीका नंबर 4450, बही नंबर 01, जिल्द नंबर 134 में 9 अक्टूबर 2023 को दर्ज की गई।

मेघवाल का कहना है कि मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, विकास एवं पंचायती विभाग के उच्चाधिकारियों, चौकसी शाखा, उपायुक्त भिवानी, एसडीएम तोशाम और बीडीपीओ तोशाम सहित संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मामले की जानकारी होने के बावजूद दोषी सरपंच, पंच, पटवारी, कानूनगो और तहसीलदार के खिलाफ अब तक ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि जांच के नाम पर मामले को लंबित रखने से भ्रष्टाचार करने वालों के हौसले बढ़ रहे हैं। मेघवाल ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई और पंचायत की जमीन को सुरक्षित करने की मांग की है।