चुनावी मौसम में मुखर हुए नगर परिषद कर्मी, सरकारी की वादा खिलाफी का किया विरोध
जागरण संवाददाता भिवानी प्रदेश सरकार द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान नगर पालिका संघ्
जागरण संवाददाता, भिवानी : प्रदेश सरकार द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल के दौरान नगर पालिका संघ एवं सर्व कर्मचारी संघ के साथ हुए समझौते को लागू न किए जाने व वादा खिलाफी किए जाने पर नप कर्मचारी चुनाव के समय एक बार फिर से मुखर हो गए हैं। अपनी 13 सूत्रीय मांगों के समर्थन में सोमवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री के नेतृत्व में नगर परिषद कार्यालय परिसर में नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। कर्मचारी नेता नरेश शास्त्री ने सीधे तौर पर प्रदेश की भाजपा सरकार पर कर्मचारी विरोधी व झूठे वादों की सरकार होने का आरोप लगाया।
भिवानी नगर परिषद कर्मचारी यूनियन के प्रधान विजय कुमार, शीतल बागड़ी, कोषाध्यक्ष सुनील बिडलान, पुरुषोत्तम दानवन, कमल कांगड़ा, बबल पहलवान, सुरेश, महेंद्र कांगड़ा ने कहा कि फरवरी व मार्च का वेतन कच्चे व पक्के कर्मचारियों को नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि 38 माह का पीएफ कर्मचारियों के खाते में जमा करवाए, पक्के कर्मचारियों को 100-100 गज के प्लाट दे,कच्चे कर्मचारियों को जूते व गर्मियों की वर्दी, एसआइ कार्ड बनाया जाए, शिशुभत्ता शिक्षा भत्ता तीन साल से नहीं दिया जा रहा है जिसे दिया जाए। जो कर्मचारी 2018 में जून माह में रिटायर्ड हुए हैं उन कर्मचारियों की बकाया राशि का भुगतान किया जाए, रिटायर्ड कर्मचारियों का पेंशन शेयर भेजे जाने, कच्चे कर्मचारियों को 1150 वृद्धि का एरियल दिए जाने सहित अन्य मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की। मांगों को जल्द से जल्द पूरा नहीं किया तो वे हड़ताल करने पर बाध्य होंगे।