प्लाट के विवाद में पीट-पीट कर हत्या, चार घायल
जागरण संवाददाता भिवानी फ्रेंड्स कॉलोनी में 2013 में लिए प्लॉट के विवाद में प्रेम नगर निवास
जागरण संवाददाता, भिवानी:
फ्रेंड्स कॉलोनी में 2013 में लिए प्लॉट के विवाद में प्रेम नगर निवासी सुरेंद्र उर्फ भोला की पीट-पीट कर हत्या कर दी। सुरेंद्र प्लाट खरीदने वाली मीना के साथ निर्माण के लिए जा रहा था। इस दौरान उसके साथ ही निर्माण कर रहे दूसरे गुट ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान पथराव भी किया गया।
आरोप है कि गाड़ी से घायलों को कुचलने का प्रयास किया, लेकिन वह पलट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हमलावरों को भगाया। घटना में चार लोगों को चोट आई है। इसमें एक गुट फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी संतलाल के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को संतलाल ने बताया कि उसने अजय और एक अन्य पार्टनर के साथ मिलकर 2013 में करोड़ों रुपये से 3700 गज जमीन खरीदी थी। इसमें उसका भी एक तिहाई हिस्सा था। उसमें दिसंबर 2013 में 350 गज जगह प्रेम नगर निवासी मीना को बेच दी थी। वह जमीन अभी तक यूं ही खाली पड़ी। मीना शुक्रवार को मजदूर सुरेंद्र और सिवाड़ा निवासी विजेंद्र को लेकर निर्माण के लिए जा रही थी। उसके साथ संतलाल और रामनिवास भी थे। आरोप है कि जब वह प्लॉट के पास पहुंचे तो पहले से प्लाट पर निर्माण कर रहे जय प्रकाश ने उन पर पथराव शुरू कर दिया। जय प्रकाश और उसके करीब 25-30 लोगों ने उन पर पथराव के साथ गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। वह किसी तरह भाग कर संतलाल के घर में घुस गए। उन्होंने घर पर भी पथराव किया और तोड़फोड़ की। संतलाल ने बताया कि आरोपितों ने उनको मारने का प्रयास किया। उसी दौरान सुरेंद्र को उन्होंने पकड़ लिया और ईट और अन्य हथियारों से उसको पीट-पीट कर मार डाला। उनकी तरफ से पुलिस को फोन किया गया तो पुलिस ने हमलावरों को मौके से भगाया और उनको अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस के अनुसार संतलाल के अलावा विजेंद्र रामनिवास घायल हुए। इसी प्रकार मोहित नाम का युवक को भी चोंट आई है। पुलिस ने अभी हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पथराव का वीडियो वायरल
फ्रेंड्स कॉलोनी में प्लॉट के विवाद में हुए पथराव से आस पास के लोग डर गए। पथराव होने से लोग घरों में ही दुबके रहे। कोई भी बाहर आने की हिम्मत नहीं कर रहा था। इसकी कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो में काफी ज्यादा पथराव होता दिख रहा है। वर्जन
पुलिस ने घायल संतलाल के बयान पर मामला दर्ज कर दिया है। प्लॉट के विवाद के मामले में जांच की जा रही है।
रविद्र कुमार, एसएचओ, सिटी थाना