दोस्तों के साथ नहाने गए किशोर की तालाब में डूबने से मौत
दादरी जिले के गांव पालड़ी में पैर फिसलने के कारण तालाब म
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : दादरी जिले के गांव पालड़ी में पैर फिसलने के कारण तालाब में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव पालड़ी निवासी राजबीर का करीब 13 वर्षीय बेटा नितेश शुक्रवार दोपहर बाद अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए तालाब पर गया था। इस दौरान नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तालाब की गहराई में चला गया। साथ नहा रहे उसके दोस्तों द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीण वहां पहुंचे। ग्रामीणों द्वारा काफी मेहनत के बाद शव को तालाब में ढूंढ कर बाहर निकाला गया। जिसके बाद ग्रामीण उसे उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में लेकर आए। लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर झोझू कलां पुलिस भी सरकारी अस्पताल में पहुंची।
परिजनों ने बताया कि नितेश छठी कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार उसे तैरना भी नहीं आता था। शव का पोस्टमार्टम शनिवार को करवाया जाएगा।