बकरीद पर नमाज अदा कर, कुर्बानी नहीं फल और दूध वितरित किया
कोरोना महामारी के चलते बकरीद का त्योहार लोगों ने मस्जिद में पहुंचकर मनाने की बजाय घर पर मनाया। इस बार कुर्बानी नहीं हुई बल्कि दूध और फल बांटे गए।
जागरण संवाददाता, भिवानी : कोरोना महामारी के चलते बकरीद का त्योहार लोगों ने मस्जिद में पहुंचकर मनाने की बजाय घर पर मनाया। इस बार कुर्बानी नहीं हुई बल्कि दूध और फल बांटे गए। दादरी गेट कोंट रोड पर स्थित मस्जिद कमेटी प्रधान जोरावर अली के घर बकरीद पर नमाज अदा की गई। नमाज पढ़ते समय लोगों ने शारीरिक दूरी की पालना की। एक दूसरे को इस त्योहार की बधाई दी और आपसी प्रेम भाव के साथ यह पर्व मनाया। छोटे बच्चों ने भी नमाज अदा की और एक दूसरे को बधाई दी। समाज के लिए अमन चैन की दुआ मांगी। यह दुआ की गई कोरोना संक्रमण से देश को जल्द मुक्ति मिले। इस मौके पर हनीफ अली, रोशन अली, तैयब यासीन अली, बंटी अली, करतार बड़ाला, इसराइल फौजी, सलीम फौजी, रिजवान व छोटे बच्चे जोया, इमरान, आदिल, आरिफ़ अली आदि मौजूद रहे।