विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भिवानी में पेड़ पर काली पॉलीथिन में लटका मिला नवजात, रोने की आवाज से मची सनसनी; पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

Published: Mon, 28 Sep 2026 06:36 PM (IST)

भिवानी की बिजली बोर्ड कॉलोनी में सोमवार सुबह एक पेड़ पर काली पॉलीथिन में नवजात बच्चा लटका मिला। बच्चे के ...और पढ़ें

पेड़ पर काली पॉलीथिन में लटका मिला नवजात, रोने की आवाज से मचा हड़कंप।

पेड़ पर काली पॉलीथिन में लटका मिला नवजात, रोने की आवाज से मचा हड़कंप।

HighLights

  1. भिवानी में पेड़ पर काली पॉलीथिन में मिला नवजात

  2. बच्चे के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को बुलाया

  3. नवजात को अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालत अब स्थिर

जागरण संवाददाता, भिवानी। बिजली बोर्ड कॉलोनी में सोमवार सुबह पेड़ पर काली पॉलीथिन में नवजात बच्चा लटका मिला। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने उसे देखा और पुलिस को सूचना दी।

डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर नवजात को पॉलीथिन से निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। बच्चे के शरीर पर जन्म के बाद की नाल भी बंधी हुई थी। नवजात लड़का है।

मामला सुबह करीब साढ़े पांच बजे का है। बिजली बोर्ड कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर जा रहे कॉलोनी वासियों को पेड़ पर काली पॉलीथिन लटकी दिखाई दी, जो हिल रही थी। वहां से आवाज भी आ रही थी। जिसके बाद लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी और पॉलीथिन खोलकर देखा तो उसमें नवजात बच्चा मिला।

प्रत्यक्षदर्शी एवं बिजली कर्मचारी संघ के प्रधान धर्मवीर भाटी ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे यहां से गए तो कुछ नहीं था और करीब साढ़े पांच बजे जब कॉलोनी के लोग वहां से गुजरे पास से बच्चें के रोने की आवाज सुनाई दे रही थी। आसपास देखा तो पेड़ पर काली थैली लटकी दिखाई दी। बाहर लटके होने के कारण नवजात का शरीर ठंडा पड़ गया था

सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. बलवान ने बताया कि नवजात कम वजन का है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर जांच और उपचार के लिए पीजीआई रेफर किया है। फिलहाल बच्चे की स्थिति स्थिर बताई गई है। बाल संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण भी अस्पताल पहुंचीं और नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

उन्होंने बताया कि बच्चे को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना शहर पुलिस के अनुसार बिजली विभाग के लाइनमैन रामचंद्र ने डायल 112 पर सूचना दी थी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कुछ कैमरे खराब बताए जा रहे हैं।