Move to Jagran APP

राष्ट्रव्यापी हड़ताल का बस सेवाएं, बिजली-पेयजल आपूर्ति पर नहीं पड़ा कोई असर

चरखी दादरी : विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीयस्तर की ट्रेड यूनियनों व सर्व

By JagranEdited By: Published: Tue, 08 Jan 2019 11:17 PM (IST)Updated: Tue, 08 Jan 2019 11:17 PM (IST)
राष्ट्रव्यापी हड़ताल का बस सेवाएं, बिजली-पेयजल आपूर्ति पर नहीं पड़ा कोई असर
राष्ट्रव्यापी हड़ताल का बस सेवाएं, बिजली-पेयजल आपूर्ति पर नहीं पड़ा कोई असर

जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीयस्तर की ट्रेड यूनियनों व सर्व कर्मचारी संघ से जुड़े प्रदेश के कर्मचारी संगठनों की शुरू हुई दो दिवसीय हड़ताल का यहां मिला जुला असर दिखाई दिया। परिवहन, बिजली, पेयजल, रेल सेवाओं इत्यादि पर हड़ताल का कोई प्रभाव दिखाई नहीं दिया। वहीं कई राष्ट्रीय, ग्रामीण बैंकों में अधिकतर कर्मचारी हड़ताल पर रहे जिसके चलते उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि कई गैर वामपंथी कर्मचारी संगठन पहले ही हड़ताल से किनारा कर चुके थे। हालांकि प्रशासनिक तौर पर हड़ताल से निपटने के लिए व्यापक इंतजामात किए गए थे लेकिन कहीं भी कर्मचारियों व प्रशासन के टकराव की कोई घटना नहीं घटी। अधिकतर सामान्य जन सेवाएं सुचारू, नियमित रहने से आम लोगों को भी हड़ताल का अहसास नहीं हुआ। कर्मचारियों की इस दो दिवसीय हड़ताल को लेकर पिछले कई दिनों से विभिन्न कर्मचारी संगठन जोरदार मुहिम चलाए हुए थे। उन्होंने हड़ताल की कामयाबी के भी लंबे चौड़े दावे किए थे लेकिन पहले दिन स्थिति सामान्य रहने से प्रशासन, सरकार ने राहत की सांस ली है। सभी रूटों पर चली बसें

loksabha election banner

मंगलवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल के पहले दिन सुबह से ही हरियाणा परिवहन विभाग के दादरी बस डिपो से रोज की तरह विभिन्न छोटे बड़े रूटों पर बसें चली। इस प्रकार दूसरे डिपो की बसों का भी आना जाना जारी रहा। हालांकि डिपो के कुल 660 में से 150 कर्मचारी हड़ताल पर रहे लेकिन इसका असर बस सेवाओं व विभागीय कामकाज पर नहीं पड़ा। दादरी बस डिपो के महाप्रबंधक डीआर कुंडू सुबह से डिपो परिसर में तमाम व्यवस्थाओं को संभाले हुए थे। उन्होंने दावा किया कि किसी भी रूट पर चलने वाली एक भी बस नहीं रूकी है। डिपो परिसर में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स भी सुबह से तैनात थी लेकिन कहीं कोई प्रतिरोध की स्थिति नजर न आने से मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मी आराम से बैठे नजर आए। पहले ही लगा दिया था एस्मा

हरियाणा परिवहन विभाग में हड़ताल पर जाने वाले कर्मचारियों पर पहले ही एस्मा लगाने की घोषणा कर दी थी। इसके अलावा डेलिवेजिज, तदर्थ आधार पर कार्यरत कर्मचारियों को हड़ताल में शामिल होने पर बिना कोई नोटिस दिए सेवाएं समाप्त करने की बात कहीं थी। माना जा रहा है कि कड़ी कार्यवाही की संभावनाओं को देखते हुए बस सेवाएं बाधित नहीं हुई। बिजली, पेयजल आपूर्ति रही सुचारू

कर्मचारी संगठनों ने दो दिवसीय हड़ताल के दौरान पहले दिन दादरी जिले में बिजली व पेयजल आपूर्ति पहले की तरह सुचारू रही। हालांकि दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम के 38 फीसदी कर्मचारी हड़ताल पर रहे। लेकिन विद्युत आपूर्ति पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। कुछ स्थानों पर फाल्ट भी रोजाना की तरह बिजली कर्मी ठीक करने आए।

बिजली निगम के दादरी मंडल के कार्यकारी अभियंता ओमबीर ¨सह ने बताया कि जिले में निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति जारी रही। जो कर्मचारी हड़ताल पर गए है उनकी अनुपस्थिति लगाकर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है। नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। बिजली की तरह दादरी शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति भी सुचारू रही। हालांकि जनस्वास्थ्य विभाग के करीब 40 फीसदी कर्मचारी हड़ताल पर बताए गए है लेकिन इसका पेयजल व सीवरेज व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ा। सरकारी, ग्रामीण बैंक कर्मी रहे हड़ताल पर

मंगलवार को दादरी जिला मुख्यालय पर पंजाब नेशनल बैंक, ओरियंटल बैंक आफ कामर्स, सेंट्रल बैंक आफ इंडिया, बैंक आफ इंडिया, हरियाणा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक इत्यादि शाखाओं के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। सभी निजी बैंक खुले रहे। सरकारी व ग्रामीण बैंकों की हड़ताल के कारण उपभोक्ताओं को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा। लेकिन अधिकतर निजी बैंकों के एटीएम इत्यादि में नकदी की निकासी जारी रही। कई विभागों के कर्मचारी रहें हड़ताल पर

राष्ट्रव्यापी दो दिवसीय हड़ताल में स्थानीय वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, पशुपालन विभाग, आशा वर्कर्स इत्यादि हड़ताल पर रहे। लेकिन स्वास्थ्य विभाग, स्कूलों, प्रशासनिक दफ्तरों पर हड़ताल का कोई असर दिखाई नहीं दिया। स्कूलों में भी शैक्षणिक कार्य पहले की तरह चलता दिखाई दिया। केंद्रीय सेवाएं भी नहीं हुई प्रभावित

ट्रेड यूनियनों की हड़ताल के चलते स्थानीय दूर संचार निगम, डाकघर, रेलवे, केंद्रीय वेयर हाउस कारपोरेशन इत्यादि में हड़ताल का कोई खास असर दिखाई नहीं दिया। हालांकि इन विभागों के कुछ कर्मचारी हड़ताल पर रहे लेकिन इनका आवश्यक सेवाओं पर प्रभाव नहीं पड़ा। नगर परिषद भी रही बेअसर

हड़ताल का स्थानीय नगर परिषद पर कोई प्रभाव दिखाई नहीं दिया। सफाई कर्मचारी रोजाना की तरह काम पर दिखाई दिए तथा दफ्तर संबंधी कार्य भी अन्य दिनों की तरह हुए। इसी प्रकार खंड पंचायत विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग इत्यादि के दफ्तरों में पहले की तरह कामकाज होता नजर आया। पुलिस रही अलर्ट

कर्मचारी हड़ताल को देखते हुए मंगलवार सुबह से ही स्थानीय पुलिस व प्रशासन के अधिकारी काफी सतर्क थे। दादरी बस डिपो, बिजली निगम के दफ्तरों, केंद्रीय सेवा कार्यालयों, विभिन्न विभागों पर पुलिस कर्मी तैनात नजर आए। लेकिन कहीं से भी किसी भी प्रकार के टकराव होने अथवा जोर जबरदस्ती हड़ताल करवाने की जानकारी नहीं मिली है। दादरी के प्रशासनिक अधिकारी भी हर घंटे हड़ताल की रिपोर्ट ले रहे थे। पुलिस विभाग की गुप्तचर शाखा के कर्मचारी भी सांय तक हड़ताल का जायजा लेते, आंकड़े जुटाने व अपने मुख्यालय में रिपोर्ट भेजते नजर आए। जनसेवाएं रही सुचारू : उपायुक्त

दादरी जिले के उपायुक्त अजय ¨सह तोमर ने कहा कि कर्मचारी हड़ताल का जिले की सामान्य जनसेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है। बिजली-पानी, परिवहन, संचार इत्यादि जनसुविधाएं पहले की तरह सुचारू रूप से चलती रही। आम आदमी को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.