धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने का आरोप, भिवानी की पॉश कॉलोनी में खुले में चिकन बनाने पर भड़के लोग
भिवानी की डीसी कॉलोनी में एक विशेष समुदाय के लोगों पर पड़ोसियों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने का आरोप है।

भिवानी की पॉश कॉलोनी में खुले में चिकन बनाने पर भड़के लोग (फाइल फोटो)
HighLights
विशेष समुदाय पर धार्मिक आस्था प्रभावित करने का आरोप।
खुले में चिकन बनाना, मांस के टुकड़े फेंकने की शिकायत।
शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी मिली।
जागरण संवाददाता, भिवानी। शहर की डीसी कालोनी में विशेष समुदाय के लोगों की तरफ से पड़ोसियों की धार्मिक आस्था को प्रभावित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री, उपायुक्त, सीएम विंडो सहित शहर पुलिस थाना में दी है।
लेकिन इस पर किसी ने संज्ञान नहीं लिया है। इसकी वजह से पीड़ित पिछले छह माह से अपने ही घर में कैद है और वह अपने ही घर में पूजा-पाठ नहीं कर पा रहा है। दरअसल डीसी कालोनी में रोजगार कार्यालय के पुराने भवन के नजदीक रहने वाले शिकायकर्ता ने बताया कि उनके पड़ोस में एक प्लाट में पांच से आठ कमरे बने हुए है।
जिन्हें विशेष समुदाय के लोगों को किराये पर दिया हुआ है। नियमानुसार इसमें 10 से 12 लोग रह सकते है। लेकिन यहां 50 से 60 युवक अवैध रूप से रह रहे है। पीड़ित ने बताया कि वह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सुबह और शाम पूजा-अर्चना करता है।
जिसके लिए उसने घर में मंदिर भी बनाया हुआ है। लेकिन उनके पड़ोस में किराये पर रहने वाले विशेष समुदाय के लोग खाली प्लाट में बिना रसाेई के खुले में ही चिकन यानी नान वेज बनाते है। उसकी दुर्गंध की वजह से घर में सांस लेना भी मुश्किल हो गया है।
आरोप है कि आरोपित पक्ष के लोग कई बार उसके घर की छत और मंदिर के पास चिकन के टुकड़े भी फेंक देते है। जिसकी वजह से उसकी धार्मिक आस्था को आहात पहुंच रही है। आरोपित पक्ष उसे रोजाना यही काम करता है, जिसके कारण पीड़ित का खाना-पीना और पूजा-पाठ सब छूट गया है।
जब उसकी शिकायत पुलिस को दी तो पुलिस ने मामला रफा-दफा कर दिया और उसकी समस्या का समाधान नहीं किया। इसके अलावा पुलिस ने उसके संतुष्ट नहीं होने पर भी सीएम विंडो की शिकायत बंद कर दी। पुलिस ने इस पूरे मामले को आपसी रंजिश लिखकर शिकायत ही बंद कर रही है, जोकि सरासर गलत है।
पीड़ित ने बताया कि आरोपित पक्ष अक्सर हुडदंग करता है और उसे शिकायत देने पर उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी देता है। जिसके कारण आस-पास का माहौल अराजकतापूर्ण बना हुआ है। पीड़ित ने प्रशासन से न्याय के लिए गुहार लगाई है।
