विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के भिवानी में खत्म होगा सड़क किनारे चलने का जोखिम, ₹67 लाख से बदलेगा लोहारू रोड का लुक

Published: Thu, 17 Sep 2026 04:05 PM (IST)

भिवानी में लोहारू रोड पर भगवान विश्वकर्मा मंदिर से घग्गर ड्रेन तक 67 लाख रुपये की लागत से टाइल वाला फुटपाथ बनेगा।

भिवानी में खत्म होगा सड़क किनारे चले का जोखिम (जागरण फोटो)

भिवानी में खत्म होगा सड़क किनारे चले का जोखिम (जागरण फोटो)

HighLights

  1. भगवान विश्वकर्मा मंदिर से घग्गर ड्रेन तक फुटपाथ निर्माण

  2. 67 लाख रुपये की लागत से बनेगा टाइल वाला फुटपाथ

  3. पौधों और रंगीन रोशनी से मार्ग का सौंदर्यीकरण होगा

नवनीत शर्मा,, भिवानी। लोहारू रोड से गुजरने वाले पैदल राहगीरों के लिए अब सड़क पर वाहनों के बीच रास्ता बनाने की मजबूरी खत्म होने वाली है। भगवान विश्वकर्मा मंदिर से लेकर घग्गर ड्रेन तक करीब 67 लाख रुपये की लागत से सड़क का स्वरूप बदला जाएगा।

नगर परिषद की योजना के तहत मार्ग के दोनों ओर व्यवस्थित फुटपाथ बनाया जाएगा, जिस पर आकर्षक टाइलें लगाई जाएंगी। फुटपाथ के साथ पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने के साथ रंगीन लाइटें भी लगाई जाएंगी। इससे दिन में राहगीरों को चलने के लिए सुरक्षित जगह मिलेगी तो रात में मार्ग का नजारा भी बदला हुआ नजर आएगा।

अभी फुटपाथ की व्यवस्था नहीं होने से पैदल लोगों को सड़क किनारे चलना पड़ता है और वाहनों के बीच से निकलना पड़ता है। नए फुटपाथ से पैदल आवाजाही आसान होगी और लोहारू रोड को शहर के बेहतर विकसित मार्गों में शामिल करने की दिशा में कदम बढ़ेगा।

सड़क किनारे पैदल चलने वालों की बढ़ेगी सुरक्षा, व्यवस्थित होगा पूरा मार्ग

लोहारू रोड शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। इस मार्ग पर दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। भगवान विश्वकर्मा मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही भी रहती है।

फुटपाथ बनने के बाद पैदल राहगीरों के लिए सड़क से अलग स्थान उपलब्ध होगा। इससे वाहनों और पैदल चलने वालों के बीच टकराव का खतरा कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाले वाहनों और अन्य सामान के कारण होने वाली परेशानी को भी नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।


वार्ड नंबर 17 में भगवान विश्वकर्मा मंदिर से घग्गर ड्रेन तक करीब 67 लाख रुपये की लागत से फुटपाथ बनाया जाएगा। इस रोड पर पहली बार दोनों तरफ फुटपाथ का निर्माण होने जा रहा है। टाइल, पौधों और रंगीन लाइटों के माध्यम से मार्ग को सुंदर और व्यवस्थित बनाया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों और राहगीरों को काफी सुविधा मिलेगी। -सुभाष तंवर, पार्षद, वार्ड नंबर 17

टाइल से बनेगा फुटपाथ, पौधों और रंगीन लाइटों से होगा सौंदर्यीकरण

योजना में फुटपाथ के निर्माण के साथ मार्ग के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। फुटपाथ पर टाइल लगाई जाएंगी, जिससे राहगीरों को चलने के लिए समतल और व्यवस्थित जगह मिलेगी।

सड़क के दोनों तरफ पौधे लगाए जाने से हरियाली बढ़ाने की कोशिश होगी। वहीं रंगीन लाइटें लगने के बाद शाम और रात के समय मार्ग का स्वरूप अलग दिखाई देगा। इससे क्षेत्र की खूबसूरती बढ़ने के साथ लोगों को बेहतर वातावरण भी मिल सकेगा।

करीब 67 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित कार्य में फुटपाथ निर्माण के साथ सौंदर्यीकरण भी शामिल है। दोनों तरफ टाइल वाला फुटपाथ बनाया जाएगा। पौधारोपण और रंगीन लाइटें लगाकर मार्ग को आकर्षक बनाया जाएगा। नगर परिषद का प्रयास है कि शहर में लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ प्रमुख मार्गों को भी व्यवस्थित रूप दिया जाए। -भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि,नगर परिषद