भाकियू 22 को निकालेगी किसान क्रांति यात्रा
संवाद सूत्र ढिगावा मंडी भाकियू जिला की कार्यकारिणी और मुख्य कार्यकर्ताओं की बैठक हुई
संवाद सूत्र, ढिगावा मंडी: भाकियू जिला की कार्यकारिणी और मुख्य कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें रविवार को खरकड़ी 52 वाली के दादी सती रानी मंदिर में मंडल प्रधान स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती ने अध्यक्षता की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रतन मान और प्रदेश सचिव श्याम सिंह करनाल पहुंचे। जिला प्रधान अशोक अमीरवास ने आए हुए सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया। बैठक का संचालन युवा प्रदेश अध्यक्ष रवि आजाद ने किया।
प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने कहा कि मोदी सरकार और हरियाणा की गठबंधन सरकार पूरी तरह से किसानी खेती को बर्बाद करना चाहती है। मंडी व्यवस्था और न्यूनतम समर्थन मूल्य को खत्म करना चाहती है। जबसे तीन कृषि अध्यादेश आए तब से लेकर लगातार भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले देश और प्रदेशभर में किसान आंदोलन पर है, लेकिन सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए किसान की आवाज को दबाने में लगी है, जिसे भारतीय किसान यूनियन सहन नहीं करेगी। जब तक तीन कृषि कानूनों को वापस नहीं लिया जाएगा और एमएसपी फसल खरीद व भुगतान गारंटी कानून नहीं बनाया जाएगा तब तक भारतीय किसान यूनियन शांत नहीं बैठेगी। निरंतर आंदोलन को चलाने का काम करेगी। 22 अक्टूबर को भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले में किसान क्रांति यात्रा निकाली जाएगी। किसान क्रांति यात्रा किसान ट्रैक्टरों के माध्यम से निकालेंगे। बैठक में बलवंत खरखड़ी, हवा सिंह, रामपाल, बलवान ढाणी केहरा, जगदीश संडवा,जयपाल मिस्त्र,सोमबीर सिरावग,संदीप खरखड़ी, पूर्व सरपंच रतन,भूप सिंह,कप्तान रघुवीर आदि मौजूद थे।