राहुल गांधी से मिले किसान कांग्रेस के पदाधिकारी
चरखी दादरी : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसान क
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से देश भर में किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया है। हाल ही में हुए चुनावों में तीन राज्यों में मिली जीत से उत्साहित राहुल गांधी ने दिल्ली तुगलक लेन स्थित अपने निवास पर अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के चेयरमैन नाना पटोले की अगुवाई में किसान कांग्रेस से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के मुलाकात करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने 4 साल किसानों से जो लूट की है उसका हिसाब लेने का समय आ गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसान कांग्रेस की पूरी टीम से लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुट जाने को कहा और आश्वस्त किया कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों के न केवल कर्जे माफ किए जाएंगे अपितु उनकी फसल की लागत का 50 प्रतिशत शुद्ध मुनाफा दिया जाएगा। अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के चेयरमैन नाना पटोले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राफेल डील में बड़ा घोटाला कर किसानों के खून पसीने की कमाई लूटने का काम किया है। इस मौके पर किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय सह संयोजक और बिहार व झारखंड किसान कांग्रेस के प्रभारी राजू मान ने बताया कि देश भर में किसानों के हालात दयनीय हैं।
मान ने कहा कि जिस तरह से हाल ही में कांग्रेस की सरकार बने तीन राज्यों में जिस तरह कर्जा माफ हुआ है उसके बाद किसानों का रुझान कांग्रेस पार्टी की ओर बढ़ा है।