दहेज नहीं मिलने पर ससुराल पक्ष ने की मारपीट
जागरण संवाददाता भिवानी कोंट रोड निवासी एक महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट कर
जागरण संवाददाता, भिवानी: कोंट रोड निवासी एक महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट कर घर से निकालने और दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली के नांगलोई निवासी उसके ससुर, सास, ननद तथा देवर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में दिल्ली के नांगलोई निवासी दिनेश शर्मा के बेटे उमंग शर्मा के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही उसका ससुर, सास, ननद और देवर उसे अधिक दहेज लाने के साथ ही अपने लिए अलग से सोने की अंगूठी, चेन और दो लाख रुपये की मांग करने लगे।
आरोप है कि दहेज की मांग पूरी ना होने पर उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे मानसिक व शारीरिक यातनाएं दने लगे। उसका पति बीच बचाव करता तो वे उसे भी काफी भला बुरा कहते। उसने अपने माता-पिता को बताया गांव के मौजित व्यक्तियों को साथ लेकर ससुराल पक्ष के लोगों को समझाया, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नही आए। शादी के बाद उसे काव्यांश व गीतांश दो बेटे पैदा हुए तो परिजनों ने छुछक के रूप में काफी कुछ दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नही हुए। उसका आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर उसके कमरे में बंद करते देते और दो-तीन दिन तक खाना नही देते। इतना ही नही वे उसके पति पर अधिक दहेज की मांग पूरी करवाने के लिए दबाव बनाते और उसके पति के साथ भी झगड़ा करते।