थिलोड़ के बस स्टैंड पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना नौवें दिन में प्रवेश
संवाद सहयोगी तोशाम संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले तीन काले कानूनों को रद्द करवाने व दिल्ल
संवाद सहयोगी, तोशाम : संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले तीन काले कानूनों को रद्द करवाने व दिल्ली के किसान आंदोलन के समर्थन में गांव थिलोड़ के बस स्टैंड पर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के नौवें दिन की अध्यक्षता राजेश फौजी ने की। भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष व संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य रवि आजाद धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों को संबोधित किया। युवा प्रदेश अध्यक्ष रवि आजाद ने कहा कि किसान आंदोलन अब जन आंदोलन बन चुका है। देश और दुनिया की नजरें हमारे ऊपर है कि आंदोलन के परिणाम क्या रहेंगे लेकिन यह तय है। कानून वापसी नहीं तो घर वापसी नहीं। सुप्रीम कोर्ट की कमेटी का संयुक्त किसान मोर्चा बहिष्कार कर चुका है और आंदोलन जारी रहेगा।
भिवानी जिले में भारतीय किसान यूनियन के 15 से अधिक अनिश्चितकालीन धरने गांव गांव में चल रहे हैं। 100 से ज्यादा लंगर टिकरी बॉर्डर शाजापुर बॉर्डर पर चल रहे हैं। 26 जनवरी को दिल्ली की परेड में किसान ट्रैक्टर व तिरंगे के साथ शामिल होगा। 51 दिन से किसान आंदोलन चल रहा और 70 से ज्यादा किसान प्राण गवां चुके हैं। सरकार के कान में जूं तक नहीं रेंग रही है। 26 जनवरी की रिहर्सल के लिए 19 जनवरी को गांव बुढ़ेडा से भिवानी तक 45 किलोमीटर लंबा किसान ट्रैक्टर मार्च भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में निकाला जाएगा। 19 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय व प्रदेश के नेता शामिल होंगे। ट्रैक्टर यात्रा के लिए 10 से अधिक पॉइंट बनाए गए हैं जहां पर आसपास के गांव के ट्रैक्टर तिरंगे के साथ ट्रैक्टर मार्च में शामिल होंगे।भिवानी डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर में बिजली मंत्री रणजीत चौटाला को तिरंगा नहीं फहराने दिया जाएगा। धरना स्थल पर हरियाणवी लोक कलाकार राममेहर मेहला भी समर्थन देने पहुंचे और कहा कि हरियाणवी कलाकार पहले ही दिन से लगातार किसानों के साथ डटे हुए हैं। धरना स्थल पर गांव आलमपुर भी किसान नेता राम अवतार के नेतृत्व में शामिल हुआ और ऐलान किया कि गांव आलमपुर भी इस धरने में समर्थन करेगा और साथ देगा।